ठूठीबारी। गड़ौरा चीनी मिल के समीप एक विद्यालय के पास खड़ी बाइक चोरी हो गई। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित शिक्षक ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चटियां टोला मोहम्मदपुर निवासी पशुपति चौधरी लिटिल मैरी गोल्ड स्कूल में पढ़ाते हैं। शनिवार सुबह वह विद्यालय पहुंचे और अपनी बाइक गेट के बगल में खड़ी कर अंदर चले गए। छुट्टी होने पर जब वह घर जाने के लिए निकले तो बाइक गायब थी। विद्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की गई। फुटेज में ठूठीबारी-निचलौल मार्ग पर निचलौल की तरफ से दो व्यक्ति एक बाइक पर आते दिखे। वे विद्यालय के समीप पहुंचे और एक व्यक्ति बाइक से उतर गया।
उतरा हुआ व्यक्ति चारों तरफ देखते हुए खड़ी बाइक के पास पहुंचा। उसने बाइक का लॉक खोलने का प्रयास किया लेकिन लॉक नहीं खुला। इसके बाद वह अपने साथी के पास वापस गया और दूसरी चाबी लेकर आया। चोर ने बाइक का लॉक तोड़ा, उसे स्टार्ट किया और लेकर भाग गया। निचलौल के सीओ रविंद्र सिंह ने बताया कि चोरी हुई बाइक के मामले में जांच-पड़ताल की जा रही है।
