Pilibhit News: बरखेड़ा। नवाबगंज तिराहे पर ट्रैफिक सिपाही द्वारा चेकिंग के दौरान रुपये लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से हड़कंप मच गया। वीडियो सामने आने के बाद अधिकारियों ने मामले की जांच कराई। सीओ ट्रैफिक आकृति पटेल ने बताया कि जांच में सिपाही और किसी व्यक्ति के बीच रुपये के स्पष्ट लेनदेन की पुष्टि नहीं हुई है। वायरल वीडियो में केवल मौखिक तौर पर रुपये देने-लेने की बात होती सुनाई दे रही है। मंगलवार को वायरल वीडियो में नवाबगंज तिराहे के पास एक ट्रैफिक सिपाही को एक व्यक्ति से बातचीत करते देखा गया था। इसके बाद सिपाही पर चेकिंग के नाम पर अवैध वसूली के आरोप लगाए गए।
जांच में वीडियो बनाने वाले व्यक्ति के बारे में भी जानकारी जुटाई गई। सामने आया कि वह मैजिक वाहन संचालक है। अधिकारियों के अनुसार, ट्रैफिक पुलिस पर दबाव बनाने के उद्देश्य से वीडियो वायरल किए जाने की बात जांच में सामने आई है। हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।