वैशालीः बिहार में फिर एक पुलिस की वर्दी दागदार हो गई. वैशाली में एक PSI का कथित वायरल ऑडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. ऑडियो में PSI दीनबंधु कुमार कथित तौर पर पुलिस में पैसे के लेनदेन और अपराधियों को छोड़ने की बात करते सुनाई दे रहे हैं. उन्होंने कहा था कि-‘ऊपर तक पैसा जाता है.’ मामले की जांच के बाद एसएसपी ने महुआ थाने के अपर थानाध्यक्ष (SHO) सोनू गुप्ता और PSI दीनबंधु कुमार को सस्पेंड कर दिया.
महुआ थाने के दो पुलिसकर्मी सस्पेंड.
वायरल ऑडियो में PSI दीनबंधु कुमार कथित तौर पर पुलिस महकमे में पैसे के लेनदेन की बात कर रहे हैं. बातचीत में शराब और नशीले पदार्थों के कारोबार से लेकर अपराधियों को पैसे लेकर छोड़ने जैसी बातें कही गई हैं. ऑडियो में अलग-अलग स्तर पर पैसे के बंटवारे का भी जिक्र होने का दावा किया जा रहा है. हालांकि, News18 वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करता.
पहले भी महुआ PSI पर लगे थे आरोप
इसी PSI दीनबंधु कुमार पर महुआ के रहने वाले प्रिंस कुमार ने पहले भी गंभीर आरोप लगाए थे. प्रिंस हीरो फिनकॉर्प में कलेक्शन एजेंट हैं. उनका आरोप है कि 27 सितंबर को बिना नंबर की बाइक रोकने के बाद उन्हें थाने लाया गया था. प्रिंस ने आरोप लगाया कि उनके साथ मारपीट की गई और कंपनी का आईडी कार्ड तोड़ दिया गया. उन्होंने 25 हजार रुपये मांगने और बाद में 20 हजार रुपये लेकर छोड़ने का भी आरोप लगाया था. प्रिंस ने इस मामले में SDPO महुआ को आवेदन दिया था. उन्होंने सबूत के तौर पर कॉल रिकॉर्डिंग का पेन ड्राइव भी सौंपा था.
महनार में भी हो चुकी है कार्रवाई
वैशाली में पुलिस की कार्यशैली को लेकर इससे पहले महनार थाने में भी कार्रवाई हो चुकी है. पुलिस मुख्यालय के निर्देश के बाद महनार थानाध्यक्ष समेत 8 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया था. अब महुआ थाने के दो पुलिस अधिकारियों पर हुई कार्रवाई के बाद जिले में पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल उठ रहे हैं. वायरल ऑडियो और सामने आए आरोपों की जांच के बाद एसएसपी ने अपर थानाध्यक्ष सोनू गुप्ता और PSI दीनबंधु कुमार को निलंबित कर दिया है. मामले में आगे की जांच जारी है. वायरल ऑडियो में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.