Priyanka Chopra Russell Crowe Movie: भारतीय सिनेमा से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी खास पहचान बना चुकीं प्रियंका चोपड़ा के हाथ एक और बड़ा हॉलीवुड प्रोजेक्ट लगा है। ग्लोबल स्टेज पर अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाने के बाद अब वह ऑस्कर विजेता फेमस एक्टर रसेल क्रो के साथ स्क्रीन शेयर करने जा रही हैं। दोनों दिग्गज कलाकार आने वाली हाई-वोल्टेज साइंस-फिक्शन थ्रिलर फिल्म ‘ब्लूफ्लाई’ में मुख्य किरदार निभाते हुए दिखाई देंगे। इस खबर के सामने आते ही दुनिया भर में मौजूद उनके फैंस के बीच जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। हॉलीवुड के गलियारों में प्रियंका की यह नई उपलब्धि उनके मजबूत होते कदमों को साफ तौर पर दर्शाती है।
फिल्म ‘ब्लूफ्लाई’ की कहानी दर्शकों को एक अलग ही रोमांचक सफर पर ले जाने का वादा करती है। इस फिल्म का ताना-बाना मीडिल अफ्रीका के देश कांगो के बेहद घने और खतरनाक जंगलों के बीच पिरोया गया है। कहानी की मुख्य पटकथा संयुक्त राष्ट्र के एक ऐसे अनुवादक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो गहरे मानसिक सदमे से गुजर रहा है। उसे एक बेहद गोपनीय और संवेदनशील मिशन की जिम्मेदारी सौंपी जाती है। इस मिशन का मुख्य मकसद एक दुर्घटनाग्रस्त हुए विमान के अवशेष खोजना है, जिसका सरकारी दस्तावेजों में कोई औपचारिक रिकॉर्ड मौजूद नहीं है।
