Home Hollywoodगैराज से हॉलीवुड तक: ‘रामायण’ बनाने 8 ऑस्कर जीतने वाली प्राइम फोकस के पीछे इस शख्स का दिमाग; ऐसा रहा ₹19 हजार करोड़ का सफर

गैराज से हॉलीवुड तक: ‘रामायण’ बनाने 8 ऑस्कर जीतने वाली प्राइम फोकस के पीछे इस शख्स का दिमाग; ऐसा रहा ₹19 हजार करोड़ का सफर

by BollywoodNewsAndMovie


बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: रणबीर कपूर की ‘रामायण’ (ramayan) बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बना रही है। फिल्म ने 18 दिनों में दुनियाभर में करीब 1,693 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस फिल्म को बनाने के पीछे जिस कंपनी का बड़ा हाथ है, उसकी शुरुआत कभी मुंबई के एक छोटे से गैराज से हुई थी? हम बात कर रहे हैं प्राइम फोकस (Prime Focus) की। नमित मल्होत्रा की यह कंपनी आज सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि हॉलीवुड में भी अपनी पहचान बना चुकी है। विजुअल इफेक्ट्स (VFX), एनिमेशन, पोस्ट प्रोडक्शन और फिल्म प्रोडक्शन के कारोबार में कंपनी की मजबूत मौजूदगी है। आइए जानते हैं कि आखिर प्राइम फोकस कौन है, इसकी शुरुआत कैसे हुई और इसने अब तक किन बड़ी फिल्मों के साथ काम किया है।

गैराज से शुरू हुआ था कंपनी का सफर

प्राइम फोकस की शुरुआत साल 1997 में हुई थी। इसे नमित मल्होत्रा ने मुंबई में स्थापित किया था। इसकी शुरुआत एक गैराज से हुई थी। नमित मल्होत्रा का मकसद फिल्म निर्माण और पोस्ट प्रोडक्शन के क्षेत्र में नई तकनीक को बढ़ावा देना था। शुरुआत में कंपनी ने फिल्म इंडस्ट्री को पोस्ट प्रोडक्शन, विजुअल इफेक्ट्स और डिजिटल इंटरमीडिएट (DI) जैसी सेवाएं देनी शुरू कीं। धीरे-धीरे इसने अपने काम का विस्तार किया और अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कदम रखा।

साल 2006 में कंपनी ने शेयर बाजार में एंट्री की। इसके शेयर बीएसई और एनएसई पर लिस्ट हुए। इसके बाद 2007 में अमेरिका में अधिग्रहण के जरिए कारोबार का विस्तार किया। साल 2008 में कंपनी ने अपनी टेक्नोलॉजी इकाई Prime Focus Technologies की शुरुआत की।

कौन हैं कंपनी के मालिक नमित मल्होत्रा?

प्राइम फोकस की कहानी नमित मल्होत्रा के बिना अधूरी है। वह कंपनी के संस्थापक और ग्लोबल मीडिया एवं विजुअल इफेक्ट्स कारोबार के प्रमुख चेहरों में से एक हैं। वह DNEG के CEO भी हैं और Prime Focus Studios के फाउंडर हैं।

नमित फिल्मी परिवार से आते हैं। उनके पिता नरेश मल्होत्रा फिल्म निर्माता हैं और उनके दादा एमएन मल्होत्रा सिनेमैटोग्राफर रहे हैं। हालांकि, नमित ने अपने कारोबार को सिर्फ पारिवारिक फिल्मी विरासत तक सीमित नहीं रखा, बल्कि तकनीक और विजुअल इफेक्ट्स के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई।

प्राइम फोकस लिमिटेड में मल्होत्रा परिवार की 60.73% हिस्सेदारी है। इसके अलावा नोवेटर कैपिटल की 14.34%, अफिरमा कैपिटल की 4.52% और पब्लिक शेयरहोल्डर्स की 20.41% हिस्सेदारी बताई गई है।

कितने करोड़ की है प्राइम फोकस?

कंपनी का मार्केट कैप करीब 19,746 करोड़ रुपये था। यानी शेयर बाजार में कंपनी की कुल वैल्यू करीब 19,746 करोड़ रुपये आंकी गई थी। कंपनी के मई 2026 के निवेशक प्रेजेंटेशन के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 में इसका कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 4,676 करोड़ रुपये रहा। इसमें सालाना आधार पर करीब 30% की बढ़ोतरी दर्ज की गई। कंपनी का EBITDA मार्जिन 30% बताया गया है।

2014 में बदली कंपनी की किस्मत

प्राइम फोकस के कारोबार में सबसे बड़ा बदलाव साल 2014 में आया। इसी साल कंपनी ने ब्रिटेन की मशहूर विजुअल इफेक्ट्स कंपनी डबल नेगेटिव (Double Negative) यानी DNEG के साथ विलय किया। इस कदम ने प्राइम फोकस को हॉलीवुड के बड़े प्रोजेक्ट्स तक पहुंचने का रास्ता दिया। आज DNEG दुनिया के प्रमुख VFX और एनिमेशन स्टूडियो में गिना जाता है। कंपनी को अब तक 8 ऑस्कर मिल चुके हैं। इनमें Interstellar, Tenet, Dune: Part One और Dune: Part Two जैसी फिल्मों के लिए मिले विजुअल इफेक्ट्स अवॉर्ड शामिल हैं।

साल 2019 में प्राइम फोकस ने ReDefine नाम का नया VFX और एनिमेशन ब्रांड भी लॉन्च किया। इसके जरिए कंपनी ने अपनी क्रिएटिव सेवाओं का विस्तार किया।

ब्रह्मास्त्र से गारफील्ड तक, प्रोडक्शन में भी बढ़ाया कदम

प्राइम फोकस ने सिर्फ VFX तक खुद को सीमित नहीं रखा। कंपनी ने फिल्म निर्माण और फाइनेंसिंग के कारोबार में भी विस्तार किया। भारत में कंपनी की प्रमुख प्रोडक्शन फिल्मों में ‘ब्रह्मास्त्र: पार्ट वन-शिवा’ शामिल है। इस फिल्म में रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और अमिताभ बच्चन नजर आए थे।

इसके अलावा Prime Focus Studios ने Alcon Entertainment के साथ मिलकर ‘The Garfield Movie’ का सह-निर्माण किया था। कंपनी की वार्षिक रिपोर्ट के मुताबिक, इस फिल्म ने दुनियाभर में 255 मिलियन डॉलर से ज्यादा का कारोबार किया था।

 यह भी पढ़ें: पर्सनल लोन लेने की है तैयारी? SBI, PNB या IDFC First Bank; कहां मिलेगा सबसे सस्ता लोन, समझें सबकुछ



Source link

You may also like

Leave a Comment