फरीदाबाद के सेक्टर-8 थाना क्षेत्र में शनिवार रात उस समय लोगों की भीड़ जमा हो गई, जब एक महिला शराब के नशे में सड़क किनारे करीब एक घंटे तक पड़ी रही। महिला इतनी नशे में थी कि ठीक से चल भी नहीं पा रही थी। उठने का प्रयास करने पर बार-बार जमीन पर गिर रही थी। काफी देर तक महिला के आसपास लोग जमा रहे, लेकिन उसके साथ कोई नजर नहीं आया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
उठने का प्रयास करती, फिर जमीन पर गिर जाती
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला सड़क किनारे पड़ी हुई थी। वह बार-बार उठने की कोशिश करती, लेकिन नशे के कारण संतुलन बिगड़ने से दोबारा गिर जाती। करीब एक घंटे तक महिला इसी हालत में सड़क किनारे पड़ी रही। इस दौरान वहां से गुजरने वाले लोग रुककर उसे देखते रहे और मौके पर भीड़ जमा हो गई। महिला के साथ उस समय कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था।
कार लेकर पहुंचे व्यक्ति ने महिला को साथ ले गया
करीब एक घंटे बाद एक व्यक्ति कार लेकर मौके पर पहुंचा। उसने वहां मौजूद लोगों को बताया कि महिला का नाम जस्सी है और वह एनआईटी-5 की रहने वाली है। व्यक्ति के अनुसार, महिला उसकी मैडम की दोस्त है और मैडम ने उसे लेने के लिए भेजा है। इसके बाद उसने महिला को संभाला और कार में बैठाकर वहां से ले गया।
कार्यक्रम में शराब पीने की आशंका, शिकायत नहीं मिली
पुलिस प्रवक्ता यशपाल का कहना है कि महिला शराब के नशे में थी। आशंका है कि पास में चल रहे किसी कार्यक्रम में उसने शराब पी होगी और पैदल चलते हुए सड़क किनारे पहुंच गई। पुलिस के अनुसार, महिला के साथ किसी तरह की मारपीट या अन्य घटना की शिकायत नहीं मिली है। उसके साथी उसे मौके से लेकर चले गए। महिला वहां कैसे पहुंची और उस दौरान उसके साथ कौन था, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल पुलिस को इस संबंध में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
