बिहार के जमुई में बाइक सवार युवक-युवती को कुछ लोगों द्वारा रोककर कथित तौर पर युवती के साथ अभद्र व्यवहार करने का मामला सामने आया है। घटना जमुई टाउन थाना क्षेत्र के मड़वा गांव की बताई जा रही है। घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने मामले की जानकारी मिलने की पुष्टि करते हुए जांच शुरू करने की बात कही है।
बाइक रोककर युवक-युवती को घेरा
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि बाइक पर सवार युवक और युवती को कुछ लोग रास्ते में रोक लेते हैं। इसके बाद दोनों को घेर लिया जाता है। वीडियो में युवती के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किए जाने की बात सामने आ रही है। युवती वहां मौजूद लोगों से हाथ जोड़कर उन्हें जाने देने की अपील करती नजर आ रही है। वीडियो में युवती को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि, “बच्चा हैं, जाने दीजिए। अब कभी नहीं आएंगे।” इस दौरान आसपास कई अन्य लोग भी दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। वीडियो में युवती की ओर से बार-बार वहां से जाने देने की गुहार लगाए जाने को लेकर भी लोग प्रतिक्रिया दे रहे हैं। हालांकि, घटना के पीछे की पूरी वजह क्या थी और वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान कौन है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पुलिस कर रही वायरल वीडियो की जांच
मामले को लेकर टाउन थाना पुलिस से जानकारी ली गई। पुलिस ने बताया कि घटना की जानकारी उन्हें मिली है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति और इसमें शामिल लोगों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों और वीडियो की सत्यता की जांच कर रही है।
आरजेडी ने सरकार पर साधा निशाना
आरजेडी प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने घटना को लेकर बिहार सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना सामने आना चिंता की बात है। उन्होंने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सम्राट सरकार में बिहार के हालात क्या हो गए हैं, यह घटना उसका उदाहरण है।
बीजेपी बोली- किसी को बख्शा नहीं जाएगा
वहीं, बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि सम्राट चौधरी की सरकार सुशासन की सरकार है और किसी भी गलत काम करने वाले को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं को देख रही है और जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि इस सरकार में कानून तोड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी परिस्थिति में छोड़ा नहीं जाएगा और पुलिस अपना काम करेगी।
