सफलता के शिखर से गुमनामी तक का सफर
फिल्म ‘यादों की बारात’ के संगीत ने उस दौर में धूम मचा दी थी। आरडी बर्मन के संगीत और मजरूह सुल्तानपुरी के गीतों ने फिल्म को यादगार बना दिया। फिल्म के पांच प्रमुख गाने—’यादों की बारात निकली है’, ‘चुरा लिया है तुमने जो दिल को’, ‘लेकर हम दीवाना दिल’, ‘आप के कमरे में कोई रहता है’ और ‘ओ मेरी सोनी मेरी तमन्ना’ आज भी लोगों की जुबान पर हैं। इन गानों में तारिक का अंदाज और उनका गिटार बजाना दर्शकों को बेहद पसंद आया था।
अपनी पहली बड़ी सफलता के बाद तारिक खान ने ‘जख्मी’ (1975) और ‘हम किसी से कम नहीं’ (1977) जैसी फिल्मों में काम किया। ‘हम किसी से कम नहीं’ के लिए उन्हें फिल्मफेयर के बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर पुरस्कार के लिए नामांकित भी किया गया था। उन्होंने ‘जमाने को दिखाना है’, ‘शौकीन’, ‘पसंद अपनी अपनी’ और ‘मंजिल मंजिल’ जैसी कई फिल्मों में अभिनय किया। हालांकि, समय के साथ उन्हें वैसी सफलता नहीं मिल पाई, जैसी करियर की शुरुआत में मिली थी।
फिल्मों में लगातार काम न मिलने और करियर में आ रही चुनौतियों के चलते तारिक खान ने अभिनय की दुनिया से दूरी बनाने का फैसला किया। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि काम की अनिश्चितता के कारण उन्होंने अपना पेशा बदलने का निर्णय लिया। इसके बाद उन्होंने कार्गो, कूरियर और ट्रैवल जैसे क्षेत्रों में काम करना शुरू कर दिया। उनकी आखिरी फिल्म ‘मेरा दामाद’ 1995 में रिलीज हुई थी। आज भले ही वे लाइमलाइट से दूर हैं, लेकिन सत्तर के दशक के उनके गानों और अभिनय की छाप आज भी दर्शकों के जेहन में ताजा है।
