बॉलीवुड से दूर कहां व्यस्त हैं ‘ओ बलमा’ फेम Claudia Ciesla? खुद बताई अपनी नई राह
स्वास्थ्य जागरूकता और नई किताब पर फोकस
अपनी आगामी किताब के बारे में बात करते हुए क्लॉडिया ने बताया कि उनका मुख्य उद्देश्य लोगों को आज के दौर की गंभीर बीमारियों जैसे डायबिटीज और हृदय रोगों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में स्वास्थ्य संकट पहले की तुलना में अधिक बढ़ गए हैं, जिसका मुख्य कारण गलत जीवनशैली है। उनकी किताब में वजन कम करने, तनाव प्रबंधन और बेहतर जीवन जीने के तरीकों पर विशेष जानकारी दी गई है। क्लॉडिया का मानना है कि स्वास्थ्य पर किया गया निवेश ही व्यक्ति का सबसे बड़ा निवेश होता है।
बॉलीवुड का सफर और ‘ओ बलमा’ की यादें
क्लॉडिया ने अपने बॉलीवुड सफर को याद करते हुए कहा कि ‘ओ बलमा’ गाना आज भी लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय है। उन्होंने खुशी जाहिर की कि इतने वर्षों बाद भी दर्शक न केवल इस गाने को गुनगुनाते हैं, बल्कि इसके हुक स्टेप्स को भी याद रखते हैं। क्लॉडिया ने कहा कि दर्शकों का यही प्यार और समर्थन उनके लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है। गौरतलब है कि क्लॉडिया सिएस्ला ने अपने करियर की शुरुआत रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ के तीसरे सीजन से की थी, जिससे उन्हें घर-घर में पहचान मिली। इसके बाद उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा। ‘खिलाड़ी 786’ के उस मशहूर गाने ने उन्हें एक अलग मुकाम दिया था। अब वह फिल्मों में वापसी के साथ-साथ स्वास्थ्य के क्षेत्र में अपनी नई पारी को लेकर उत्साहित हैं।
