हॉलीवुड एक्ट्रेस डैफ्ने कीन ने हाल ही में पॉडकास्ट में बताया कि महज 11साल की उम्र में उन्हें हॉलीवुड पार्टियों में कोकीन ऑफर की जाती थी। हालांकि, उन्होंने हमेशा इसके लिए मना किया। एक्ट्रेस ने यह भी बताया कि वह आज भी शराब और ड्रग्स से दूर रहती हैं।

डैफ्ने कीन ने माइकल रोसेनबाम के पॉडकास्ट ‘इनसाइड ऑफ यू’ में बातचीत के दौरान बताया कि एक चाइल्ड एक्टर होने के नाते उन्होंने बचपन में ही फिल्म इंडस्ट्री की पार्टियों में नशे से जुड़ी चीजें देख ली थीं। उन्होंने बताया कि फिल्म की रैप पार्टियों में उन्हें कोकीन तक ऑफर की गई थी, लेकिन उन्होंने हर बार इसके लिए मना कर दिया। आज 21 साल की उम्र में भी वह शराब और ड्रग्स से दूर रहना पसंद करती हैं।
‘फिल्म की रैप पार्टियों में मुझे कोकीन ऑफर की जाती थी।’
डैफ्ने कीन,एक्ट्रेस
11-13 साल की उम्र में पार्टियों में ऑफर हुई थी कोकीन
डैफ्ने कीन ने पॉडकास्ट में बताया कि जब वह 11, 12 या 13 साल की थीं, तब उन्हें फिल्म की रैप पार्टियों में कोकीन ऑफर की जाती थी। इतनी छोटी उम्र में इस तरह के अनुभव होने के बावजूद उन्होंने कभी नशे की तरफ रुख नहीं किया। एक्ट्रेस ने कहा, ‘एक चाइल्ड एक्टर के तौर पर मैंने बचपन में ही ये सब इतनी बार देखा था कि मेरी इसमें कोई दिलचस्पी ही नहीं थी। फिल्म की रैप पार्टियों में मुझे कोकीन ऑफर की जाती थी। तब मैं बहुत छोटी थ, 11, 12 या 13 साल की। मैंने देख लिया था कि यह क्या चीज है, इसलिए मैंने साफ कह दिया कि मुझे इसमें कोई दिलचस्पी नहीं है। अच्छी बात यह रही कि मैं हमेशा ना कह देती थी।’
‘मैं बाहर जाती हूं और सुबह 6 बजे तक रुकती हूं, लेकिन बिना किसी नशे के।’
डैफ्ने कीन,एक्ट्रेस
शराब और ड्रग्स से दूर रहना पसंद करती हैं एक्ट्रेस
पॉडकास्ट के दौरान डैफ्ने ने यह भी बताया कि बड़ी होने के बाद भी उन्होंने शराब और ड्रग्स से दूरी बनाए रखी है। उन्हें पार्टी करने के लिए किसी नशे की जरूरत नहीं पड़ती। इस बारे में उन्होंने कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि मैं कभी इतनी नशे में रही हूं कि मुझे हैंगओवर हुआ हो। इस मामले में मैं चीजों पर पूरा कंट्रोल रखना पसंद करती हूं।’ उन्होंने आगे कहा, ‘मुझे इनकी कोई जरूरत नहीं है। मैं बाहर जाती हूं और सुबह 6 बजे तक रुकती हूं, लेकिन बिना किसी नशे के। बस अच्छे माहौल के लिए, क्योंकि मुझे म्यूजिक पसंद है, डांस करना पसंद है और लोगों के साथ रहना अच्छा लगता है। टीनएज में, दोस्तों के दबाव (पीयर प्रेशर) से बचने के लिए मैं झूठ भी बोल देती थी। मैं कह देती थी, नहीं, मैं ठीक हूं। मुझे पीना नहीं है। मैंने पहले ही कुछ ले लिया है। जबकि मैं पूरी तरह होश में होती थी। एकदम अच्छी बच्ची की तरह।’
‘लोगन’ से मिली थी दुनियाभर में पहचान
डैफ्ने कीन को साल 2017 में रिलीज हुई फिल्म ‘लोगन’ से बड़ी पहचान मिली थी। इस फिल्म में उन्होंने युवा म्यूटेंट लॉरा यानी X-23 का किरदार निभाया था। फिल्म में उनके साथ ह्यू जैकमैन भी नजर आए थे। खास बात यह है कि डैफ्ने ने महज 11 साल की उम्र में इस फिल्म की शूटिंग की थी और उनके 12वें जन्मदिन के कुछ महीनों बाद यह सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म में उनकी एक्टिंग को दर्शकों और क्रिटिक्स की खूब तारीफ मिली थी।
‘हिज डार्क मैटेरियल्स’ और ‘द एकोलाइट’ में भी किया काम
‘लोगन’ में शानदार प्रदर्शन के बाद डैफ्ने को ‘हिज डार्क मैटेरियल्स’ में मुख्य भूमिका निभाने का मौका मिला। यह सीरीज तीन सीजन तक चली। इसके बाद वह ‘स्टार वार्स’ की सीरीज ‘द एकोलाइट’ में भी नजर आईं। अब एक्ट्रेस ‘पर्सी जैक्सन एंड द ओलंपियंस’ के तीसरे सीजन में आर्टेमिस का किरदार निभाने वाली हैं।
‘डेडपूल एंड वुल्वरीन’ में फिर निभाया X-23 का किरदार
डैफ्ने कीन ने फिल्म ‘डेडपूल एंड वुल्वरीन’ में एक बार फिर X-23 के किरदार में वापसी की थी। इस फिल्म में उन्होंने ह्यू जैकमैन के साथ दोबारा काम किया। एक्ट्रेस ने उनके साथ काम करने के अनुभव को याद करते हुए कहा, ‘ह्यू जैकमैन ने मुझे बहुत सकारात्मक प्रोत्साहन दिया और कई बेहतरीन सलाहें दीं। वे हमेशा बहुत प्यारे रहे।’ उन्होंने आगे कहा, ‘वे सबसे बेहतरीन इंसान हैं, जिनकी आप कामना कर सकते हैं। और वे पर्दे पर सबसे अच्छे पिता हैं। वे सच में एक अभिभावक की तरह थे। उन्होंने यह पक्का किया कि मेरे काम के घंटों का गलत इस्तेमाल न हो, सेट पर मुझे मजा आए, और पर्दे के पीछे चल रहे किसी भी तनाव का मुझे पता न चले। वे बहुत ज्यादा सुरक्षात्मक और कमाल के इंसान हैं।’

