नवरात्र के त्योहार में इस बार सिर्फ पारंपरिक पोशाक और गरबा ही नहीं, बल्कि टैटू का ट्रेंड भी पूरी तरह बदल गया है। गुजरात के अहमदाबाद में युवा पारंपरिक फूल-पत्तियों या देवी-देवताओं के टैटू के बजाय रियल-लाइफ हीरो और खेल थीम वाले अस्थायी टैटू बनवा रहे हैं। कहीं कैप्टन स्मित मच्छार की तस्वीर तो कहीं कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 (CWG 2030) की थीम युवाओं की पीठ और हाथों पर नजर आ रही है।
कैप्टन स्मित मच्छार के टैटू की डिमांड
अहमदाबाद के टैटू स्टूडियोज में इन दिनों खास तरह के डिजाइन की डिमांड बढ़ गई है। कई युवा अपनी पीठ पर फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की तस्वीर वाला टैटू बनवा रहे हैं। कैप्टन स्मित ने हाल ही में प्लेन में को-पायलट के हमले के दौरान बहादुरी दिखाकर 174 यात्रियों की जान बचाई थी। टैटू में उनकी यूनिफॉर्म वाली पोर्ट्रेट, लहराता तिरंगा, प्लेन और ‘174 Lives – One Brave Pilot’ या ‘Gujarat Proud of You’ जैसे मैसेज उकेरे जा रहे हैं।
इस थीम के टैटू का भी क्रेज
इसके अलावा CWG 2030 की थीम भी खूब पॉपुलर हो रही है। अहमदाबाद में 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स होने वाले हैं, इसलिए युवा खेल प्रतीकों, अहमदाबाद 2030 के लोगो और स्पोर्ट्स से जुड़े डिजाइन वाले टैटू बनवाकर अपना उत्साह दिखा रहे हैं। ये अस्थायी टैटू हैं, जो नवरात्रि के दौरान गरबा नाइट्स में स्टाइल स्टेटमेंट बन गए हैं। कुछ लोग नेपाल बाढ़ जैसी सामाजिक थीम वाले टैटू भी बनवा रहे हैं, लेकिन कैप्टन स्मित और CWG 2030 सबसे आगे हैं।
अहमदाबाद के अलावा अन्य शहरों में भी ट्रेंड
टैटू आर्टिस्ट दिन-रात काम में व्यस्त हैं। युवा लड़कियां और लड़के स्टूडियो में पहुंचकर इन थीम को चुन रहे हैं। एक महिला को अपनी पीठ पर कैप्टन स्मित का टैटू बनवाते हुए देखा गया। यह ट्रेंड सिर्फ अहमदाबाद तक सीमित नहीं, बल्कि अन्य शहरों में भी फैलने लगा है। नवरात्र में टैटू का यह नया रूप युवाओं की रचनात्मकता और देशभक्ति को दर्शाता है। पारंपरिक उत्सव में आधुनिक हीरोज और भविष्य के खेल आयोजनों को शामिल करके युवा अपना जुड़ाव दिखा रहे हैं। कैप्टन स्मित जैसे रियल हीरो का सम्मान और CWG 2030 के लिए शहर का गर्व इन टैटू के जरिए व्यक्त हो रहा है।
फैशन के साथ प्रेरणास्रात भी चुन रहे युवा
टैटू स्टूडियोज के मालिक बताते हैं कि इस साल डिमांड बहुत ज्यादा है। युवा सिर्फ फैशन के लिए नहीं, बल्कि प्रेरणा लेने के लिए भी ये डिजाइन चुन रहे हैं। यह ट्रेंड नवरात्र को और भी यादगार बना रहा है। गरबा के मैदान में जब युवा अपनी पीठ पर ये टैटू लेकर नृत्य करेंगे, तो न सिर्फ लुक अलग होगा बल्कि संदेश भी साफ होगा—बहादुरी और खेल भावना का सम्मान।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें –
नवरात्र पर मंदिर की रखवाली करती दिखी शेरनी ? IFS अधिकारी ने शेयर किया Video, मिनटों में हुआ वायरल
