Home Viral‘शादी का झांसा,और प्राइवेट वीडियो वायरल करने की दी धमकी …’

‘शादी का झांसा,और प्राइवेट वीडियो वायरल करने की दी धमकी …’

by BollywoodNewsAndMovie


UP News: बदायूं से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. बिसौली कोतवाली क्षेत्र में एक युवती ने तेजाब पी लिया. हालत बिगड़ने पर उसे पहले स्थानीय निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गंभीर स्थिति को देखते हुए मुरादाबाद रेफर कर दिया गया. वहां इलाज के दौरान सोमवार रात युवती की मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि गांव के एक युवक ने शादी का झांसा देकर युवती से संबंध बनाए और उसके निजी फोटो-वीडियो बना लिए. बाद में शादी से इनकार करते हुए फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दी, जिससे परेशान होकर युवती ने यह कदम उठाया.

शादी का वादा कर बढ़ाई नजदीकियां

परिजनों के मुताबिक, मृतका की पहचान बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव करखेड़ी निवासी जीशान से हुई थी. आरोप है कि जीशान ने युवती से शादी करने का वादा किया और इसी दौरान उसके निजी फोटो और वीडियो बना लिए. बताया गया कि जब युवती ने शादी के लिए जीशान पर दबाव बनाना शुरू किया तो उसने शादी से साफ इनकार कर दिया. आरोप है कि इसके बाद वह युवती को उसके निजी फोटो-वीडियो इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा.

पिता के फोन पर भी दी धमकी

मृतका के भाई की ओर से मंगलवार को बिसौली कोतवाली में दी गई तहरीर के मुताबिक, 27 सितंबर की शाम करीब साढ़े छह बजे जीशान ने युवती के पिता के फोन पर कॉल की. आरोप है कि उसने युवती को समझाने के लिए कहा और साथ ही फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी. इसके बाद जीशान ने युवती से सीधे फोन पर बात की. तहरीर के अनुसार, इस बातचीत में भी उसने कथित तौर पर फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दोहराई. परिजनों का कहना है कि बातचीत से जुड़े स्क्रीनशॉट भी उनके पास मौजूद हैं.

धमकी से डरकर उठाया खौफनाक कदम

परिजनों के अनुसार, लगातार मिल रही धमकियों से युवती बुरी तरह डर गई थी और मानसिक रूप से परेशान थी. आरोप है कि इसी के चलते उसने अपना फोन फेंक दिया और शौचालय में जाकर तेजाब पी लिया. तेजाब पीने के बाद उसकी हालत तेजी से बिगड़ गई. परिजन उसे तत्काल पास के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे मुरादाबाद के डॉ. लाल सिंह मेमोरियल अस्पताल रेफर कर दिया.

मुरादाबाद में इलाज के दौरान मौत

मुरादाबाद के अस्पताल में युवती का इलाज चल रहा था. सोमवार रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. परिजनों ने मुरादाबाद में ही पोस्टमार्टम कराया. इसके बाद मंगलवार को युवती का भाई बिसौली कोतवाली पहुंचा और आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की.

पुलिस ने कहा- जांच के बाद होगी कार्रवाई

बिसौली इंस्पेक्टर सर्वेंद्र शर्मा ने बताया कि स्वजनों की ओर से प्रार्थना पत्र मिला है. मामले की जांच की जा रही है. जांच के आधार पर जल्द ही प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

Input: पवन तोमर की रिपोर्ट

Also Read: जाति बताओ, नहीं तो SC/ST एक्ट में जेल भेज दूंगा, हरदोई में पैमाइश करने पहुंचे अफसर की दबंगई का Video वायरल



Source link

You may also like

Leave a Comment