सोशल मीडिया पर वीडियो बनाते-बनाते 30 साल की इंस्टाग्राम ब्लॉगर को 75 साल के बुजुर्ग से इश्क हो गया। दोनों ने एक सप्ताह पहले सगाई भी कर ली है। अब दोनों के परिवार वाले शादी की तैयारियों में जुट गए हैं। इसके कई वीडियो भी वायरल हो रहे हैं।
Premi-Premika News: कहते हैं प्यार की न तो कोई उम्र होती है और न ही जात-पात। ये किसी को किसी से भी हो सकता है। औरैया जिले के सहार विकासखंड के अरियारी गांव निवासी 75 वर्षीय रामसुगर और औरैया की 30 वर्षीय इंस्टाग्राम ब्लॉगर रानी राजपूत की प्रेम कहानी इस बात को बखूबी बयां करती है। एक सप्ताह पहले दोनों की रिंग सेरेमनी हो चुकी है। अब दोनों जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। शादी को लेकर दोनों परिवारों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बीच हल्दी रस्म और सगाई के कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार औरैया की रहने वाली रानी राजपूत इंस्टाग्राम ब्लॉगर हैं। वह अक्सर सोशल मीडिया पर अपने वीडियो पोस्ट करती रहती हैं। इसी दौरान उनकी पहचान यूट्यूबर राधा से हो गई। रानी का राधा के घर आना-जाना शुरू हो गया। राधा की मां का करीब सात साल पहले निधन हो चुका है। तब से उनके पिता रामसुगर अकेले जिंदगी काट रहे हैं। करीब दो साल से रानी का राधा के घर आना-जाना रहा। इसी दौरान रानी का रामसुगर की ओर झुकाव हो गया। रामसुगर भी रानी को मन ही मन चाहने लगा। दोनों ने एक दिन एक दूसरे से अपने-अपने दिल की बात कह दी। 75 साल के बुजुर्ग से 30 साल की महिला की प्रेम-कहानी किसी के गले से नहीं उतर रही है। चारों तरफ इसी प्रेम कहानी की चर्चा है। हालांकि दोनों के इस रिश्ते की खबर जब घर वालों को लगी तो उन्होंने आनन-फानन में सगाई की तैयारियां शुरू करा दी। एक सप्ताह पहले ही दोनों की रिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया था। जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। दोनों ने जल्द ही शादी करने की बात भी कही है।
क्या बोले बुजुर्ग रामसुगर
बुजुर्ग रामसुगर ने बताया कि रानी का करीब दो साल से उनके घर आना-जाना था। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्यार हो गया। रामसुगर की बेटी राधा भी यूट्यूबर हैं। राधा ने बताया कि वह और रानी साथ में वीडियो शूट करती थीं। इसी बीच रानी और उनके पिता के बीच प्रेम संबंध गहरा हो गया। राधा के मुताबिक, करीब सात साल पहले उनकी मां का निधन हो गया था। अब उनके पिता और रानी ने साथ जिंदगी बिताने का फैसला किया है। दोनों की सगाई के बाद अब शादी को लेकर परिवार में तैयारियां चल रही हैं। शादी पूरे रीति-रिवाज के साथ होगी और सभी रस्में निभाई जाएंगी।
ब्यूटी पार्लर में हुई थी दोनों की सगाई
रामसुगर और रानी की सगाई को लेकर ब्यूटी पार्लर को सजाया गया था। वहीं पर दोनों की रिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया। इस आयोजन में दोनों ही परिवार के लोगों ने हिस्सा लिया था। दोनों की सगाई का वीडियो भी वायरल हो रहा है। वीडियो में बुजुर्ग की बेटी पिता की सगाई को लेकर काफी उत्साहित दिख रही है तो वहीं दुल्हन रानी के चेहरे पर भी खुशी नजर आ रही है। फिलहाल इस रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया से लेकर क्षेत्र भर में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
रानी ने इंस्टाग्राम पर बना बदला अपना नाम
75 साल के बुजुर्ग रामसुगर से सगाई कर चुकीं राधा ने अपना इंस्टाग्राम एकाउंट का नाम बदल दिया है। उन्होंने अब नया नाम राधा की मम्मी रखा है। रानी के इंस्टाग्राम एकाउंट पर करीब 7270 फॉलोअर्स हैं। वह केवल 238 लोगों को ही फॉलो करती हैं। राधा रामसुगर की बेटी हैं। राधा के जरिए ही रानी की रामसुगर से जान-पहचान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं जो प्यार में बदल गईं।
