मलयालम एक्टर फहद फासिल की फिल्म ‘थलेहम कुडुंबा यूनिट’ को काफी पसंद किया गया. ये फिल्म 21 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई और इसे दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला. वहीं, बॉक्स ऑफिस पर इस रोमांटिक कॉमेडी फिल्म ने धुआंधार कमाई की. सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, ‘थलेहम कुडुंबा यूनिट’ ने दुनिया भर में 330 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है.
अब फहद फासिल ने फिल्म की सक्सेस पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने फिल्म की कमाई और स्टार्स की फीस को लेकर खुलकर बात की है. चलिए जानते हैं उन्होंने क्या कहा.
‘ये फिल्म की कमाई है, हमारी फीस नहीं…’
क्यू स्टूडियो को दिए इंटरव्यू में फहद फासिल ने बताया कि फिल्म ने जितने करोड़ रुपये कमाए हैं, उसे कलाकारों की फीस से जोड़ना सही नहीं है. उन्होंने फिल्म की सक्सेस का क्रेडिट पूरी टीम को दिया. फहद ने कहा, ‘हममें से किसी को भी जिस 300 करोड़ रुपये की बात हो रही है, उसका आधा भी नहीं मिलेगा. ये फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन है. ‘बेथलेहम कुडुंबा यूनिट’ की सफलता से मुझे बहुत खुशी और गर्व है. ये सिर्फ मेरी सफलता नहीं है. इसमें डायरेक्टर गिरीश, प्रोड्यूसर श्याम और दिलीश भी शामिल हैं. ये हम सबकी कामयाबी है.’
ये सीन है फहद फासिल का फेवरेट
फहद फासिल ने फिल्म में अपने पसंदीदा सीन के बारे में भी बताया. उन्हें ममिता बैजू के किरदार एश्ले की तस्वीर से जुड़ा री-क्रिएशन सीन सबसे ज्यादा पसंद आया. उन्होंने कहा, ‘मुझे ‘बेथलेहम कुडुंबा यूनिट’ का ममिता की तस्वीर पर आधारित री-क्रिएशन सीन सबसे ज्यादा पसंद है. जब मैंने इसे देखा तो मुझे ये बहुत अच्छा लगा. फिल्मों में इस तरह की तकनीक का ज्यादा इस्तेमाल नहीं हुआ है. मुझे ये सीन काफी पसंद आया.’
बॉक्स ऑफिस पर कमाए इतने करोड़ रुपये
सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, ‘बेथलेहम कुडुंबा यूनिट’ ने दुनिया भर में करीब 330.19 करोड़ रुपये कमाए हैं. वहीं, भारत में इसका नेट कलेक्शन करीब 164.25 करोड़ रुपये है. फिल्म में निविन पॉली और ममिता बैजू लीड रोल में हैं. इसकी कहानी एक यंग कपल के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी जिंदगी में प्यार और परिवार को लेकर कई तरह की परेशानियां आती हैं.
जियो हॉटस्टार पर उपलब्ध है फिल्म
गिरीश एडी के डायरेक्शन में बनी इस रोमांटिक कॉमेडी में संगीथ प्रताप, विनय फोर्ट, सुरेश कृष्णा, बिंदु पनिकर और श्रींदा जैसे कलाकार भी हैं. फिल्म को भावना स्टूडियोज के साथ फहद फासिल, दिलीश पोथन और श्याम पुष्करन ने प्रोड्यूस किया है. ये फिल्म 2 अक्टूबर को जियो हॉटस्टार पर रिलीज हो चुकी है.
