Siwan Sadar Hospital Viral Video : मॉडल सदर अस्पताल की व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गये हैं. मंगलवार शाम का बताया जा रहा एक वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें मास्क पहना एक व्यक्ति रजिस्ट्रेशन कक्ष के सामने रखे एक मृत शरीर के पास पहुंचता दिखाई दे रहा है. वीडियो में वह कथित रूप से मृतक के गले से चेन निकालकर अपनी जेब में रखता और इसके बाद सामान्य तरीके से अस्पताल परिसर से बाहर निकलता नजर आ रहा है.
आसपास लोगों की मौजूदगी में चेन निकालने का दावा
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति कुछ देर तक मृत शरीर के पास खड़ा रहता है. इसके बाद वह कथित रूप से मृतक के गले से चेन निकालकर उसे अपनी जेब में रख लेता है. इसके बाद वह वहां से चला जाता है. हालांकि, मृतक के गले से चेन निकालने की घटना की जानकारी उसके परिजनों को थी या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है. वायरल वीडियो की सत्यता और घटना की पूरी स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
अस्पताल में सक्रिय ‘स्माइकर’ होने की चर्चा
अस्पताल सूत्रों के अनुसार वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति अक्सर सदर अस्पताल के आपात कक्ष के आसपास नजर आता है. अस्पताल परिसर में उसके मरीजों की दलाली से जुड़े होने की भी चर्चा है. हालांकि, व्यक्ति की पहचान और उसके खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. ऐसे में वायरल वीडियो की जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी.
पहले मृत महिला के पायल को लेकर भी लगा था आरोप
मॉडल सदर अस्पताल में मृत शरीर से कथित चोरी को लेकर पहले भी मामला सामने आ चुका है. कुछ दिन पहले एक मृत महिला के पैर से चांदी का पायल गायब होने को लेकर परिजनों ने अस्पताल की एक महिला सफाईकर्मी पर आरोप लगाया था. बाद में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उक्त महिला सफाईकर्मी की पहचान कर उसे पुलिस के हवाले किये जाने की बात सामने आयी थी.
लगातार घटनाओं से शवों की सुरक्षा पर सवाल
मृत शरीर से आभूषण गायब होने की शिकायतों और वायरल वीडियो के सामने आने के बाद अस्पताल में शवों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. अस्पताल परिसर में सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा व्यवस्था होने के बावजूद किसी बाहरी व्यक्ति के मृत शरीर तक पहुंचने और कथित रूप से चेन निकालने की घटना सामने आना गंभीर चिंता का विषय है.
अधीक्षक बोले- सीसीटीवी फुटेज से होगी जांच
मामले में अस्पताल अधीक्षक डॉ अनिल कुमार सिंह ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है. उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर सीसीटीवी फुटेज की जांच करायी जाएगी. दोषी व्यक्ति की पहचान होने पर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय थाने को लिखा जायेगा.
Also Read : सीवान रेलवे स्टेशन पर RPF ने बिहार संपर्क क्रांति से प्रसव पीड़ित महिला को उतारा, प्लेटफॉर्म पर जन्मी बच्ची
