पानीपत के सरकारी अस्पताल में बनी पुलिस पोस्ट पर तैनात स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि शराब के नशे में अस्पताल पहुंचे युवक को इमरजेंसी वार्ड की तरफ जाने से रोकना पुलिसकर्मी को भारी पड़ गया.
युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर पुलिसकर्मी पर हमला कर दिया और उसकी वर्दी तक फाड़ दी. ये मामला हरियाणा के पानीपत सिविल अस्पताल का है. इस घटना का वीडियो भी सामने आया है.
क्यों नहीं दी गई एंट्री?
जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवक शराब के नशे में सरकारी अस्पताल में उपचाराधीन अपने किसी परिजन से मिलने पहुंचा था. वो अस्पताल परिसर में पहुंचने के बाद मोर्चरी के सामने बैठा रहा. इसके बाद जब वो इमरजेंसी वार्ड की तरफ जाने लगा तो पुलिस पोस्ट पर तैनात SP लीलूराम ने उसे रोक दिया और नशे की हालत में अंदर जाने से मना किया. आरोपी ने कहा कि उसका कोई अपना वार्ड में है उसे मिलना है लेकिन नशे की हालत में होने के कारण पुलिसकर्मी ने मना कर दिया.
3-4 लोगों के साथ मिलकर पुलिसकर्मी को पीटा
आरोप है कि इसी बात को लेकर युवक भड़क गया और बाद में तीन-चार अन्य लोगों के साथ मिलकर पुलिसकर्मी के साथ पुलिस पोस्ट के बाहर मारपीट शुरू कर दी. हमले के दौरान पुलिसकर्मी की वर्दी भी फाड़ दी गई. इसका वीडियो भी सामने आया है जिसमें साफ देखा जा सकता है कि आरोपी ने पुलिसकर्मी का कॉलर पकड़ा और उन्हें थप्पड़ मारा. मौके पर बचाने पहुंचे पुलिस पोस्ट इंचार्ज से भी आरोपियों ने मारपीट की.
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
घटना के बाद पुलिसकर्मी ने मामले की शिकायत सिटी थाना पुलिस को दी है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. मामले की जांच के बाद ही पुलिस कोई ठोस कार्रवाई करेगी.
