प्रमोद यादव। प्रयागराज15 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश (यूपी बोर्ड) ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इण्टरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं का विस्तृत कार्यक्रम सोमवार को घोषित कर दिया है। इस बार परीक्षा का टाइम टेबल इस तरह तैयार किया गया है कि हाईस्कूल के परीक्षार्थी सुबह और इण्टरमीडिएट के छात्र दोपहर बाद यानी शाम की पाली में परीक्षा देंगे।
इस टाइम टेबल की खास बात यह है कि प्रमुख और महत्वपूर्ण विषयों की परीक्षाएं शुरुआत के दिनों में ही रख दी गई हैं, जिससे छात्रों को बाद के लिए दबाव नहीं झेलना पड़े। यह परीक्षा 5 से 24 फरवरी तक होगी। एक और दो दिन के अंतराल पर परीक्षाएं होगी। परीक्षा समय से पूरी होगी तो एक अप्रैल से नया सत्र शुरू हो सकेगा।
हाईस्कूल के महत्वपूर्ण विषयों की परीक्षा सुबह कक्षा 10वीं के सभी प्रमुख और अनिवार्य विषयों की परीक्षाएं प्रथम पाली यानी सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक आयोजित की जाएंगी। इस क्रम में 05 फरवरी को हिन्दी / प्रारम्भिक हिन्दी, 08 फरवरी को सामाजिक विज्ञान, 09 फरवरी को विज्ञान, 10 फरवरी को अंग्रेजी, 13 फरवरी को गणित, 15 फरवरी को संस्कृत और 22 फरवरी को चित्रकला / रंजनकला की परीक्षा सुबह की पाली में संपन्न होगी।
इण्टरमीडिएट के महत्वपूर्ण विषयों की परीक्षा शाम को कक्षा 12वीं के विज्ञान, कला और वाणिज्य वर्ग के लगभग सभी मुख्य विषयों को दूसरी पाली यानी सायं 2:00 बजे से 5:15 बजे तक की समय-सारणी में जगह दी गई है। इसके तहत 05 फरवरी को हिन्दी / सामान्य हिन्दी, 08 फरवरी को अंग्रेजी, 09 फरवरी को नागरिक शास्त्र, 10 फरवरी को इतिहास, 12 फरवरी को जीव विज्ञान / गणित, 13 फरवरी को अर्थशास्त्र, 15 फरवरी को रसायन विज्ञान, 16 फरवरी को समाजशास्त्र / भूगोल, 17 फरवरी को भौतिक विज्ञान, 22 फरवरी को लेखाशास्त्र (Accountancy), और 24 फरवरी को संस्कृत विषय की परीक्षा सायं पाली में आयोजित की जाएगी।
इण्टरमीडिएट की परीक्षाएं दोपहर बाद आयोजित होने से छात्रों को परीक्षा वाले दिन सुबह के समय अंतिम रिवीजन का पर्याप्त अवसर मिलेगा।

होली से पहले खत्म हो जाएगी परीक्षा बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने बताया कि टाइम टेबल तैयार करने में काफी सतर्कता बरती गई है। महत्वपूर्ण विषयों का क्रम ऐसा रखा गया है कि बच्चों को किसी प्रकार की उलझन या असुविधा न हो। सबसे बड़ी राहत यह है कि ये परीक्षाएं आगामी चुनावों से पहले ही पूरी करा ली जाएंगी। इसके अलावा, परीक्षा कार्यक्रम ऐसा तय किया गया है कि लोकप्रिय त्योहार होली भी परीक्षाओं के बीच में नहीं आएगी, जिससे छात्र बिना किसी व्यवधान के पूरी एकाग्रता के साथ पेपर दे सकेंगे।

