सुबाथू(सोलन)। छावनी क्षेत्र सुबाथू में रविवार से पावन शारदीय नवरात्र धार्मिक श्रद्धा के साथ शुरू हो गए। नवरात्र के पहले दिन पूरे क्षेत्र का वातावरण माता रानी के जयकारों और भक्तिमय भजनों से सराबोर नजर आया। पर्व के पावन अवसर पर तड़के सुबह 4 बजे सुबाथू के प्रसिद्ध मां आशापूर्णी मंदिर से प्रभात फेरी निकाली गई।
सुबह की कंपकंपाती ठंड की परवाह किए बिना भारी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने इसमें बढ़-चढ़कर भाग लिया। हाथों में वाद्य यंत्र लिए श्रद्धालु मां आशापूर्णी मंदिर से रवाना होकर सुबाथू के विभिन्न बाजारों, चौकों और मोहल्लों से गुजरे, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। मां आशापूर्णी मंदिर के सेवादार मनमोहन शर्मा व ज्ञान शर्मा ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी नवरात्र के उपलक्ष्य में सुबह की प्रभात फेरी का आयोजन बड़े स्तर पर किया जा रहा है। पहले ही दिन श्रद्धालुओं में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला।
