बॉलीवुड के सुपरहिट गानों में कल्पना की आवाज
पॉडकास्ट के दौरान जब कल्पना के बॉलीवुड सफर पर चर्चा हुई, तो उन्होंने बताया कि उन्होंने अक्षय कुमार और कैटरीना कैफ की सुपरहिट फिल्म ‘वेलकम’ के लोकप्रिय गाने ‘ऊंचा लंबा कद’ में अपनी आवाज दी थी। आनंद राज आनंद द्वारा कंपोज किए गए इस गाने को कल्पना ने उन्हीं के साथ मिलकर गाया था। रिलीज के समय यह गाना चार्टबस्टर साबित हुआ था और आज भी डांस प्लेलिस्ट में इसे काफी पसंद किया जाता है।
इतना ही नहीं, कल्पना पटवारी ने साल 2013 में आई शाहिद कपूर और सोनाक्षी सिन्हा की फिल्म ‘आर… राजकुमार’ के चर्चित गाने ‘गंदी बात’ को भी अपनी आवाज से सजाया था। मीका सिंह के साथ गाए इस गाने में कल्पना की देसी गायकी और भोजपुरी टच को दर्शकों ने खूब सराहा था। इस गाने का संगीत प्रीतम ने दिया था और इसके बोल अनुपम अमोद ने लिखे थे।
भोजपुरी संगीत में कल्पना का योगदान
कल्पना पटवारी ने अपने करियर में मनोज तिवारी, पवन सिंह, दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ और खेसारी लाल यादव जैसे भोजपुरी सिनेमा के दिग्गज कलाकारों के साथ काम किया है। लोक संगीत के प्रति उनके समर्पण का अंदाजा उनके छठ गीतों से लगाया जा सकता है, जिनमें ‘केलवा के पात पर’, ‘उग हो सुरुज देव’ और ‘कांच ही बांस के बहंगिया’ जैसे सदाबहार गीत शामिल हैं।
इसके अलावा, ‘ओठलाली से रोटी बोर के’, ‘पांडे जी का बेटी’ और ‘जोगाड़ कईले बानी’ जैसे गानों ने उन्हें भोजपुरी दर्शकों के बीच एक अलग पहचान दिलाई है। बॉलीवुड में अपनी गायकी का लोहा मनवाने के बावजूद, कल्पना की जड़ें हमेशा लोक संगीत और भोजपुरी संस्कृति से गहराई से जुड़ी रही हैं, जो उन्हें अन्य गायकों से अलग खड़ा करती हैं।
