एंटरटेनमेंट डेस्क,नई दिल्ली। ओटीटी ने जहां एंटरटेनमेंट को घर-घर तक पहुंचाया है, तो वहीं दूसरी तरफ जिन फिल्मों को अच्छी कहानी के बावजूद लोग थिएटर्स में नहीं देख रहे हैं, उनके लिए OTT प्लेटफॉर्म एक वरदान बनकर उभरा है।
ऐसा हम इसलिए कह रहे हैं, क्योंकि सिनेमाघरों में फ्लॉप हुई एक क्राइम थ्रिलर मूवी ने ओटीटी प्लेटफॉर्म पर कब्जा जमा लिया है। कौन सी है वो फिल्म जो सबको पछाड़कर बनी नंबर वन, चलिए बताते हैं।
जिस महाफ्लॉप फिल्म ने ओटीटी पर आते ही नंबर वन की पोजिशन हथियाई है, वह करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमारन की क्राइम और सस्पेंस से भरपूर फिल्म दायरा है। 18 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई ये फिल्म बीते दिन शुक्रवार को ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स (Netflix) पर रिलीज हुई थी। स्ट्रीमिंग के साथ ही दायरा (Daayra) ने सभी फिल्मों को पछाड़कर मूवी कैटेगरी में नंबर वन की पोजिशन हथिया ली।

बॉक्स ऑफिस पर की थी इतनी कमाई
करीना कपूर खान स्टारर फिल्म दायरा के निर्देशन की कमान मेघना गुलजार ने संभाली थी। मूवी का बजट लगभग 50 से 55 करोड़ का था, लेकिन यह फिल्म लाइफटाइम सिर्फ 8.36 करोड़ का ही बॉक्स ऑफिस पर कलेक्शन कर पाई और साल 2026 की डिजास्टर फिल्मों की लिस्ट में शामिल हुई है।
हालांकि, जिस कहानी को थिएटर्स में दुत्कारा गया, वहीं ओटीटी प्लेटफॉर्म पर लोगों को बहुत पसंद आ रही है। करीना और पृथ्वीराज की लोग तारीफ करते हुए नहीं थक रहे हैं।

क्या है दायरा की कहानी?
दायरा की कहानी एक महिला के साथ हुए रेप और हत्या को लेकर है, जिसके आरोपियों को ACP एनकाउंटर में मार देता है। ऑन द स्पॉट आरोपियों को खत्म करने के लिए जहां लोग उसे देश का नायक मान लेते हैं, तो वहीं ये बिना परमिशन एनकाउंटर कानून प्रशासन और न्याय व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर देता है। केस की आगे की छानबीन के लिए महिला IPS अधिकारी को नियुक्त किया जाता है और जांच के दौरान कई सस्पेंस खुलते हैं।
