‘बिग बॉस 20’ में लव गिल और स्काउट के रिश्ते पर घमासान जारी है। कनिका मान ने लव का समर्थन करते हुए स्काउट और काजी को खरी-खोटी सुनाई है। वहीं, मनीष गोयल की पत्नी पूनम नरूला ने भी काजी पर निशाना साधा है।
एंटरटेंमेंट डेस्क। स्टार समाचार वेब
रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में इन दिनों लव गिल और स्काउट का रिश्ता लगातार चर्चा और सवालों के घेरे में बना हुआ है। इस पूरे विवाद पर कई सेलेब्स और पूर्व कंटेस्टेंट्स अपनी राय रख चुके हैं, और अब दोनों की को-कंटेस्टेंट कनिका मान खुलकर लव गिल के समर्थन में सामने आ गई हैं। घर के अंदर कनिका ने सवाल उठाया कि इस मामले में हर कोई सिर्फ एक लड़की यानी लव गिल को ही क्यों निशाना बना रहा है?

स्काउट को ठहराया जिम्मेदार, काजी से हुई तीखी नोकझोक
कनिका मान का कहना है कि स्काउट कोई चार साल का बच्चा नहीं है, बल्कि एक एडल्ट है जो अपनी भावनाओं और फैसलों को अच्छी तरह समझ सकता है, इसलिए उसे भी अपने किए की जिम्मेदारी खुद लेनी चाहिए। कनिका ने गुस्से में कहा, “सब लोग एक लड़की के पीछे क्यों पड़े हैं? गलती तो तुम्हारी भी थी।” इस दौरान जब काजी ने कनिका को चुप रहने के लिए कहा, तो उनका पारा और चढ़ गया। कनिका ने काजी को ‘ड्रामेबाज नंबर वन’ करार देते हुए कहा कि उनका पूरा सीजन सिर्फ ड्रामा करते हुए ही निकला है और उन्हें यह बताने की जरूरत नहीं है कि वह अपना पक्ष कैसे रखें।
मनीष गोयल की पत्नी पूनम नरूला का काजी पर फूटा गुस्सा
दूसरी ओर, शो के कंटेस्टेंट मनीष गोयल की पत्नी पूनम नरूला गोयल ने आखिरकार घर में चल रहे विवाद पर अपनी चुप्पी तोड़ दी है। वह खुलकर अपने पति के समर्थन में उतर आई हैं। पूनम ने काजी द्वारा लगातार की जा रही टिप्पणियों पर सवाल उठाते हुए गंभीर आरोप लगाया है कि मनीष को बार-बार मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है। उनके मुताबिक, काजी न सिर्फ मनीष की उम्र का मज़ाक उड़ाते हैं, बल्कि उनके साथ अपमानजनक तरीके से भी पेश आते हैं।
‘प्रोफेसर’ शब्द पर क्यों भड़क जाते हैं मनीष गोयल?
मनीष गोयल को ‘प्रोफेसर’ या ‘ज्ञानी बाबा’ कहे जाने पर आने वाले गुस्से के पीछे की वजह स्पष्ट करते हुए पूनम ने बताया कि शुरुआत में यह सब महज़ एक मज़ाक के रूप में शुरू हुआ था, लेकिन धीरे-धीरे इसकी हदें पार होने लगीं। पूनम ने कहा कि वह एक महीने से अधिक समय तक धैर्य के साथ चुप बैठी रहीं, लेकिन अब इस पर खुलकर बात करने का समय आ गया है। उन्होंने बताया कि मनीष ने इस मज़ाक को शुरुआत में खेल भावना से लिया और सभी के साथ हंसे भी, लेकिन जब बात लगातार तंज कसने और अपमानित करने तक पहुँच गई, तो उनका रिएक्शन सामने आना लाजिमी था।
