
अरिश्फा खान और आम्रपाली दुबे
Bigg Boss 20: रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ का घर इस समय युद्ध का मैदान बना हुआ है. लेटेस्ट एपिसोड में कैप्टंसी टास्क के दौरान न सिर्फ कंटेस्टेंट्स के बीच धक्का-मुक्की हुई, बल्कि बात ‘काटने’ के आरोपों से मेडिकल रूम जाने तक पहुंच गई. टास्क खत्म होने के बाद भी घर का पारा शांत नहीं हुआ और लव गिल, अरिश्फा व आम्रपाली दुबे के बीच जोरदार जुबानी जंग देखने को मिली. कैप्टंसी टास्क में बिग बॉस ने घरवालों को ‘C’ आकार के ढांचे को स्पंज से भरने का काम दिया था, जिसमें दूसरे कंटेस्टेंट्स विरोधी के स्लॉट से स्पंज निकाल सकते थे. अपने स्पंज बचाने के चक्कर में लव गिल स्लॉट के अंदर ही गिर गईं और उन्हें पकड़कर बैठ गईं. अरिश्फा, उदिती और माही विज ने स्पंज बाहर निकालने की पूरी कोशिश की, लेकिन घंटी बजने तक लव एक स्पंज बचाने में सफल रहीं.
इसी छीना-झपटी के दौरान माही विज और लव गिल के बीच तीखी बहस शुरू हो गई. माही ने आरोप लगाया कि लव ने उन्हें काट लिया. लव ने इस आरोप को सिरे से खारिज करते हुए उल्टा सवाल किया कि माही ने अपना हाथ उनके मुंह के अंदर क्यों डाला था? इसके बाद माही मेडिकल रूम गईं, जबकि लव अड़ी रहीं कि कोई बाइट मार्क नहीं है. इसी बीच काजी ने दावा किया कि उन्होंने उदिती के हाथ पर भी दांत के निशान देखे हैं. उधर लव ने मनीष को अपने हाथों के निशान दिखाए, जिसपर अरिश्फा ने सवाल उठाया कि उन्होंने पहले यह मुद्दा क्यों नहीं उठाया.
आम्रपाली दुबे ने अरिश्फा को लताड़ा
बिग बॉस में टास्क रद्द होने और उदिती के कैप्टन बनने के बाद काजी ने टास्क खराब करने का ठीकरा लव गिल पर फोड़ा, जिससे लव आगबबूला हो गईं. अरिश्फा ने भी लव पर उनकी कैप्टंसी की उम्मीदें तोड़ने और खेल में दखल देने का आरोप लगाया, जबकि स्काउट ने माना कि घर में जो चल रहा है, उससे वो खुद कन्फ्यूज हैं.
लव और अरिश्फा की इस बहस में आम्रपाली दुबे भी कूद पड़ीं और उन्होंने अरिश्फा को जमकर आड़े हाथों लिया. आम्रपाली ने अरिश्फा की कोशिशों की तुलना ‘उल्टे घड़े में पानी भरने’ से कर डाली. यही नहीं, आम्रपाली ने अरिश्फा पर ‘महारानी’ की तरह बर्ताव करने का आरोप लगाते हुए कहा कि बाहर बैठे दर्शक भी उनकी हरकतों को बेवकूफी भरा मान रहे होंगे.


