डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दुनिया के सबसे चर्चित वीडियो गेम ग्रैंड थेफ्ट ऑटो 6 (जीटीए 6) ने रिलीज होते ही इतिहास रच दिया है। रॉकस्टार गेम्स के इस बहुप्रतीक्षित गेम ने पहले ही दिन 3.79 अरब डॉलर की कमाई की है। कंपनी ने इसे एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के इतिहास की सबसे बड़ी लॉन्चिंग बताया है।
जीटीए 6 की दीवानगी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रिलीज से पहले ही इसकी 3.25 करोड़ यूनिट बिक चुकी थीं। वहीं, गेम को रिव्यू प्लेटफार्म मेटाक्रिटिक पर 99 का शानदार स्कोर मिला है। आलोचकों ने भी इसकी जमकर तारीफ की है।
लोगों की GTA 6 के लिए दीवानगी
रॉकस्टार गेम्स के संस्थापक और अध्यक्ष सैम हाउसर ने कहा कि दुनियाभर के खिलाड़ियों से मिले प्यार और उत्साह से कंपनी बेहद अभिभूत है। ग्रैंड थेफ्ट ऑटो 6 प्लेस्टेशन स्टोर, माइक्रोसॉफ्ट स्टोर, रॉकस्टार गेम्स स्टोर और दुनियाभर के खुदरा विक्रेताओं तथा डिजिटल स्टोर पर उपलब्ध है।
इस बार गेम की कहानी खिलाड़ियों को अमेरिका के काल्पनिक वाइस सिटी की रोमांचक दुनिया में ले जाती है। कहानी के मुख्य किरदार जेसन और लूसिया हैं।
भारत में भी जीटीए 6 का जबरदस्त क्रेज है। प्लेस्टेशन स्टोर और माइक्रोसाफ्ट स्टोर पर इसके स्टैंडर्ड एडिशन की कीमत 5,999 रुपये, जबकि अल्टीमेट एडिशन की कीमत 7,499 रुपये रखी गई है।
एएनआइ के अनुसार इस गेम के पहले दिन के प्रदर्शन ने कई बड़ी हालीवुड फिल्मों की बॉक्स-आफिस कमाई को पीछे छोड़ दिया है।
इसकी पहले दिन की कमाई, अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म एवेंजर्स: एंडगेम की 2.9 अरब अमेरिकी डॉलर की वैश्विक कमाई से भी अधिक रही है।
जीटीए 6 की पहले दिन की कमाई जेम्स कैमरून की पिछली दो अवतार फिल्मों – द वे ऑफ वॉटर और फायर एंड ऐश – की कुल बॉक्स-ऑफिस कमाई के बराबर रही।
वहीं सोनी पिक्चर्स की स्पाइडर-मैन: ब्रैंड न्यू डे ने 2026 में ग्लोबल बॉक्स-ऑफिस पर 2.52 अरब अमेरिकी डॉलर की कमाई की, जो अब तक उस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म रही।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- निशांत पैर छूने झुके तो मोदी ने गले लगाया, नीतीश का भी रखा मान; बिहार के मंच से किसे क्या संदेश दे गए PM?
