हॉलीवुड में वीएफएक्स तकनीक दशकों से बड़े बजट की फिल्मों की ताकत रही है, लेकिन अब भारतीय सिनेमा भी इस दौड़ में तेजी से आगे बढ़ रहा है। हाल ही में नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ की रिलीज के बाद उसके कलाकारों के अभिनय, संवाद और किरदारों की कम व फिल्म के विजुअल इफेक्ट की चर्चा ज्यादा हो रही है। हालंकि वीएफएक्स की सफलता की असली कसौटी है कि दर्शक उस दृश्य को फिल्म की दुनिया का स्वाभाविक हिस्सा मान पाते हैं या नहीं।
सिनेमा की दुनिया में एक दौर था, जब किसी फिल्म की चर्चा उसके सितारों, अभिनय, संगीत और कहानी के लिए होती थी। फिर फिल्मों का कैनवास बड़ा हुआ। भव्य सेट, विदेशी लोकेशन, एक्शन और तकनीकी कौशल ने फिल्म निर्माण की परिभाषा बदली। अब इस बदलाव के केंद्र में है वीएफएक्स यानी विजुअल इफेक्ट की ऐसी तकनीक, जो फिल्मकार की कल्पना को पर्दे पर लगभग वास्तविक बना देती है।
हॉलीवुड में वीएफएक्स तकनीक दशकों से बड़े बजट की फिल्मों की ताकत रही है, लेकिन अब भारतीय सिनेमा भी इस दौड़ में तेजी से आगे बढ़ रहा है। रणबीर कपूर अभिनीत नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ इन दिनों इस बदलाव का सबसे चर्चित उदाहरण बन गई है। फिल्म की रिलीज के बाद उसके कलाकारों के अभिनय, संवाद और किरदारों की कम व फिल्म के विजुअल इफेक्ट की चर्चा कहीं ज्यादा हो रही है। हालंकि असली कसौटी यह है कि दर्शक उस दृश्य को फिल्म की दुनिया का स्वाभाविक हिस्सा मान पाते हैं या नहीं।
हॉलीवुड तक सीमित नहीं तकनीक
एक समय था जब जुरासिक पार्क, टर्मिनेटर, अवतार और एवेंजर्स जैसी हॉलीवुड फिल्मों को देखकर भारतीय दर्शक चकित रह जाते थे। लेकिन अब भारतीय फिल्म उद्योग भी इस दिशा में अपनी पहचान बना रहा है। भारतीय सिनेमा में वीएफएक्स का सफर अचानक शुरू नहीं हुआ। दादा साहेब फाल्के की 1919 की मूक फिल्म ‘कालियामर्दन’ में ट्रिक फोटोग्राफी और दृश्य प्रभावों के प्रयोग के उदाहरण मिलते हैं। बाद के वर्षों में ‘माया बाजार’ और ‘पाताल भैरवी’ जैसी फिल्मों में भी कल्पनाशील दृश्य रचे गए। कंप्यूटर आधारित वीएफएक्स का दौर आने पर दक्षिण भारतीय सिनेमा ने शुरुआती प्रयोगों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बॉलीवुड में ‘प्यार तो होना ही था’ को शुरुआती वीएफएक्स प्रयोगों में गिना जाता है, जबकि 2008 की ‘लव स्टोरी 2050’ ने बड़े पैमाने पर डिजिटल प्रभावों के इस्तेमाल से ध्यान खींचा। इसके बाद ‘रा.वन’, ‘कृष’, ‘बाहुबली’, ‘ब्रह्मास्त्र’, ‘बाहुबली’ और ‘कल्कि 2898 एडी’ जैसी फिल्मों ने भारतीय फिल्मों के दृश्यात्मक संसार को लगातार विस्तार दिया।
सफलता में वीएफएक्स की भूमिका
यहां सबसे बड़ा सवाल है कि क्या भविष्य में फिल्मों की सफलता का फैसला उनके वीएफएक्स की गुणवत्ता करेगी? इसका सीधा जवाब है- नहीं। वीएफएक्स फिल्म की आकर्षक प्रस्तुति का बड़ा माध्यम जरूर बन सकता है, लेकिन अच्छी फिल्म का विकल्प नहीं हो सकता। इसका सबसे बड़ा उदाहरण ‘लव स्टोरी 2050’ है। 2008 में आयी इस फिल्म में लगभग 400 से 500 वीएफएक्स शॉट्स का इस्तेमाल हुआ था। लेकिन बॉक्स ऑफिस पर अपेक्षित सफलता नहीं मिली। इसके उलट ‘बाहुबली’ की सफलता के पीछे केवल भव्य दृश्य नहीं थे, बल्कि उसके साथ मजबूत कथानक, चरित्रों का संघर्ष और भावनात्मक जुड़ाव भी था।
सिर्फ वीएफएक्स कुछ नहीं
दरअसल, वीएफएक्स की असली सफलता तब है जब दर्शक उसे अलग से पहचानने के बजाय फिल्म की वास्तविक दुनिया का हिस्सा मानने लगें। यदि किसी फिल्म में समुद्र, पहाड़, युद्ध या कोई काल्पनिक जीव इतना कृत्रिम दिखाई दे कि दर्शक का ध्यान कहानी से हटकर तकनीक की कमियों पर चला जाए, तो करोड़ों रुपये खर्च करने का उद्देश्य पूरा नहीं होता। इसीलिए वीएफएक्स के बारे में ‘रामायण’ की चर्चा के बीच सलमान खान ने भी कहा कि फिल्म की बातचीत केवल उसके बजट और वीएफएक्स तक सीमित नहीं होनी चाहिए बल्कि राम, रावण और सीता की कथा पर केंद्रित होनी चाहिए। यह टिप्पणी इस बहस को एक नया आयाम देती है।
फिल्म निर्माण में बदलाव का सवाल
आने वाले वर्षों में एआई डिजिटल पात्रों, चेहरों, लोकेशन, बैकग्राउंड और जटिल दृश्यों को तैयार करने की प्रक्रिया को तेज कर सकता है। वर्चुअल प्रोडक्शन जैसी तकनीकें फिल्मकारों को स्टूडियो में ही डिजिटल दुनिया रचने की सुविधा दे रही हैं। इससे भारत के लिए दोहरे अवसर पैदा होंगे। पहला, भारतीय फिल्में विश्वस्तरीय तकनीकी गुणवत्ता के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी जगह मजबूत कर सकेंगी। दूसरा, देश में वीएफएक्स कलाकारों, एनिमेशन विशेषज्ञों, 3डी मॉडलरों, कंपोजिटरों और तकनीकी निर्देशकों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
कहानी का विकल्प नहीं
सिनेमा का भविष्य केवल तकनीक के हाथ में नहीं है। वीएफएक्स फिल्मकार को वह दिखाने की स्वतंत्रता देता है, जिसकी कल्पना पहले केवल पटकथा के पन्नों तक सीमित रहती थी। लेकिन दर्शक किसी फिल्म को सिर्फ इसलिए याद नहीं रखते कि उसमें कितने शानदार डिजिटल दृश्य थे। वे उसके पात्रों, भावनाओं, संवादों और कहानी को याद रखते हैं। ‘रामायण’ के बहाने शुरू हुई यह बहस भारतीय सिनेमा के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ है। बॉलीवुड अब केवल हॉलीवुड की तकनीक का उपभोक्ता नहीं रहना चाहता बल्कि अपनी कहानियों और तकनीकी क्षमता के दम पर वैश्विक सिनेमा में पहचान बनाना चाहता है। आने वाले समय में वीएफएक्स का राज जरूर बढ़ेगा, लेकिन सिनेमा का असली राजा वही रहेगा जिसके पास दर्शकों को बांधकर रखने वाली कहानी होगी। –इ.रि.सें.
