बॉक्स ऑफिस पर इस वक्त एक ऐसी फिल्म की चर्चा है, जिसने अपनी कमाई से हर किसी को चौंका दिया है. फिल्म का नाम है ‘हनुमान अंश’. महज करीब 1.80 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस आध्यात्मिक फिल्म ने दुनियाभर में 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है. फिल्म के आसपास रिलीज हुई बॉलीवुड फिल्मों को पछाड़ते हुए हनुमान अंश ने 41वें दिन यह बड़ा मुकाम हासिल किया और इसका वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन करीब 300.25 करोड़ रुपये पहुंच गया है.
शुरुआत ऐसी कि फिल्म उतरने वाली थी पर्दे से!
दिलचस्प बात ये है कि ‘हनुमान अंश’ की शुरुआत बिल्कुल ऐसी नहीं थी कि कोई इसे 300 करोड़ की फिल्म समझ सके. 7 अगस्त को रिलीज हुई इस फिल्म को शुरुआती हफ्तों में दर्शक जुटाने के लिए संघर्ष करना पड़ा. लेकिन फिर धीरे-धीरे फिल्म की कहानी और आध्यात्मिक कंटेंट ने दर्शकों के बीच पकड़ बना ली.
वर्ड ऑफ माउथ ऐसा चला कि जिस फिल्म को शुरुआत में सिनेमाघरों से हटने का खतरा था, वही छठे हफ्ते में भी मजबूती से टिकी हुई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने बुधवार को भारत में करीब 6 करोड़ रुपये नेट कमाए और भारत का ग्रॉस कलेक्शन करीब 280 करोड़ रुपये पहुंच गया. विदेशों से फिल्म ने करीब 20.25 करोड़ रुपये जुटाए हैं.
2 करोड़ से 300 करोड़… कहानी किसी चमत्कार से कम नहीं
विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी यह फिल्म नीम करोली बाबा के जीवन से प्रेरित है. कहानी लक्ष्मीनारायण नाम के एक युवक की है, जो मां की मौत के बाद जिंदगी और ईश्वर से जुड़े सवालों के जवाब तलाशने निकल पड़ता है. उत्तर भारत में उसकी यह आध्यात्मिक यात्रा धीरे-धीरे उसे उस मुकाम तक ले जाती है, जहां वह आगे चलकर नीम करोली बाबा के रूप में पहचाना जाता है.
फिल्म में शोभिनव सत्य ने नीम करोली बाबा का किरदार निभाया है. उनके साथ विहान शेडगे, चंदन के आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल रस्तोगी, गुलशन पांडे और भागवदास पटेल जैसे कलाकार नजर आए हैं.
शोभिनव सत्य को बाबा का रूप मान रहे लोग!
‘हनुमान अंश’ के बाद शोभिनव सत्य की स्क्रीन इमेज भी पूरी तरह बदल गई है. फिल्म में उन्हें बाबा के रूप में देखने के बाद कई दर्शक उनकी छवि को आध्यात्मिक नजरिए से देखने लगे हैं और सोशल मीडिया पर उनके लिए श्रद्धा भरे रिएक्शन सामने आ रहे हैं. किरदार का असर इतना गहरा पड़ा है कि कुछ लोग शोभिनव में बाबा की झलक देखने लगे हैं.
हाल ही में शोभिनव सत्य ने आध्यात्मिक गुरु श्रीश्री रविशंकर से भी मुलाकात की और उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया था.
अब आएगी ‘हनुमान अंश 2’
300 करोड़ की इस सफलता के बीच फिल्म से जुड़ी एक और बड़ी खबर है. ‘हनुमान अंश’ को तीन हिस्सों वाली कहानी के तौर पर आगे बढ़ाने की योजना है. निर्माता नम्रता सिंह ने ‘हनुमान अंश 2’ और तीसरे पार्ट को लेकर संकेत दिए हैं. दूसरे हिस्से में नीम करोली बाबा के प्रभाव से जुड़े कुछ चर्चित नामों को दिखाने की योजना पर भी काम होने की बात सामने आई है. विराट कोहली और अनुष्का शर्मा जैसे नामों को लेकर भी चर्चा है, हालांकि उनकी कास्टिंग को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
तीसरे पार्ट को बाबा के अंतरराष्ट्रीय प्रभाव से जोड़ने की योजना बताई गई है. ‘हनुमान अंश’ की कहानी अभी खत्म नहीं हुई है. 2 करोड़ की छोटी फिल्म से शुरू हुआ ये सफर अब 300 करोड़ पार कर चुका है और आगे इसकी कहानी कितनी बड़ी होती है, इस पर सबकी नजर रहेगी.
—- समाप्त —-
