डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। बेंगलुरु शहर में जाम लगना आम बात है। ट्रैफिक जाम की वजह से छोटी-छोटी दूरियां तय करने में भी बहुत समय लग जाता है। लेकिन हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें शहर की एक नामी रिहायशी सोसायटी के अंदर वाहनों का भारी जाम देखने को मिला।
जिसके चलते यहां के निवासियों को मुख्य सड़क तक पहुंचने और परिसर के निकास द्वार से बाहर निकलने में ही करीब 30 मिनट का समय लग गया। एक इंस्टाग्राम यूजर ने ट्रैफिक जाम एक वीडियो शेयर किया है जिसमें उनके घर के बाहर सड़क पर और साथ ही पड़ोस की एक रिहायशी सोसाइटी के अंदर भी भारी ट्रैफिक दिख रहा है।
कहां का है वीडियो?
बताया जा रहा है कि यह वीडियो वर्थुर स्थित ‘ब्रिगेड यूटोपिया’ सोसायटी का है। यह वीडियो शनिवार दोपहर करीब 2 बजे एक महिला ने अपने कमरे के अंदर से रिकार्ड किया था, जिसमें महिला ने पहले सड़क पर यातायात का वीडियो बनाया और फिर आवासीय सोसायटी के अंदर धीरे-धीरे चल रही कारों की कतार पर जूम किया।
महिला ने वीडियो शेयर करने के साथ बताया कि निवासियों को मेन रोड तक पहुंचने से पहले ही जाम का सामना करना पड़ रहा था। सोसाइटी के एग्जिट गेट पर वाहनों की लंबी लाइनें लगी हुई थी, जिसके चलते कुछ निवासियों को परिसर से बाहर निकलने में ही लगभग 30 मिनट लग रहे थे।
इस असामान्य दृश्य ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचा है, जहां यूजर्स इस बात पर हैरानी और अविश्वास जता रहे हैं कि बेंगलुरु का यह भीषण ट्रैफिक अब आवासीय सोसाइटियों के भीतर तक पहुंच गया है। शहर की इस समस्या का अनुभव कर चुके कई लोग चुटकी लेते हुए कह रहे हैं कि अब अपार्टमेंट के अंदर भी ट्रैफिक जाम से बचना मुमकिन नहीं लगता।
यूजर्स की प्रतिक्रियाएं
सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए एक यूजर ने लिखा, “मॉल वाले प्रोजेक्ट में रहने के फायदे! उन्हें अलग प्रवेश और निकास द्वार बनाना चाहिए था। फिर भी प्रोजेक्ट की कीमत आसमान छू रही है, निवेशक खुश हैं और निवासी परेशान।”
वहीं दूसरे व्यक्ति ने तंज कसते हुए टिप्पणी की, “यह जगह इस तरह बनाई गई है कि लोग कभी बाहर ही न निकल सकें।”
एक अन्य यूजर ने चिंता जताते हुए कहा, “अगले दो वर्षों में इन विशाल अपार्टमेंटों के कारण यह पूरा इलाका रहने लायक नहीं रहेगा।”
