सुप्रीम कोर्ट ने कैंसर की जरूरी दवाओं की कीमतों में भारी अंतर पर कड़ी नाराजगी जताई. वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिसंबर में जी20 समिट शामिल होने के लिए अमेरिका जा सकते हैं. इन खबरों के अलावा, तुर्की के राष्ट्रपति एर्दोगन ने यूएन महासभा में कश्मीर विवाद को बातचीत से सुझलाने की वकालत की. पढ़ें बुधवार सुबह की बड़ी खबरें.
कैंसर की 2700 रुपये की दवा की MRP ₹27000! सुप्रीम कोर्ट बोला- ये दिनदहाड़े डकैती है
कैंसर की जरूरी दवाओं की कीमतों में भारी अंतर पर सुप्रीम कोर्ट ने कड़ी नाराज़गी जताई है. कोर्ट ने कहा कि जो कैंसर की दवा रिटेलर को 2,700 रुपये में मिलती है, उसकी MRP 27,000 रुपये तक छापी जा रही है. कोर्ट ने इसे दिन-दहाड़े डकैती बताते हुए सवाल किया कि मरीजों को इतनी महंगी दवा बेचकर कैसे ठगा जा सकता है.
दिसंबर में अमेरिका जा सकते हैं PM मोदी, कनाडा का दौरा कंफर्म
PM मोदी के दिसंबर में अमेरिका जाने की चर्चा तेज़ हो गई है. अगर वे अमेरिका जाते हैं तो वह फ्लोरिडा में होने वाले G20 समिट में शामिल होंगे. 2026 का G20 लीडर्स समिट 14 और 15 दिसंबर को ट्रंप नेशनल डोरल मियामी में होगा, जिसकी मेज़बानी ट्रंप करेंगे. भारत के विदेश मंत्रालय ने अभी पीएम मोदी की अमेरिका यात्रा का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है.
महाभारत के महावीर कर्ण बने राघव, फर्स्ट लुक रिलीज
अपकमिंग फिल्म ‘महावीर कर्ण’ का फर्स्ट लुक पोस्टर रिलीज हो गया है. इसमें साउथ एक्टर राघव लॉरेंस कर्ण के लुक में दिख रहे हैं. 150 करोड़ रुपये में बन रही इस फिल्म का निर्देशन रमेश वर्मा कर रहे हैं. यह फिल्म पैन इंडिया तमिल, तेलुगू, हिंदी, मलयालम और कन्नड भाषा में रिलीज होगी. फिल्म 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
एशियन गेम्स में चूका आर माधवन का बेटा, वेदांत की हार पर पिता का रिएक्शन
एशियाई खेलों में आर माधवन के बेटे वेदांत माधवन भारतीय पुरुष 4×200 मीटर फ्रीस्टाइल रिले टीम के साथ फाइनल में पहुंचने से महज़ 0.2 सेकंड से चूक गए. वेदांत, साजन प्रकाश, दक्षन शशिकुमार और अनीश सुनील की भारतीय टीम ने 13 टीमों की हीट में 7:24.32 का समय निकालकर नौवां स्थान हासिल किया. यह वेदांत का एशियाई खेलों में डेब्यू था.
कश्मीर पर तुर्की के राष्ट्रपति ने फिर अड़ाई टांग, UN में उठाया मुद्दा
तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन ने यूएन महासभा में एक बार फिर कश्मीर का मुद्दा उठाया है. मंगलवार को उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि कश्मीर विवाद को बातचीत के ज़रिए और संयुक्त राष्ट्र चार्टर के दायरे में रहकर सुलझाया जाना चाहिए. एर्दोगन ने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की मौजूदगी में UN मुख्यालय में ये बातें कहीं.
मुंबई के मशहूर लालबाग के राजा के दरबार में मंगलवार को संजय दत्त पत्नी मान्यता दत्त के साथ पहुंचे. गणेशोत्सव के बीच दोनों ने बप्पा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया. भारी भीड़ और कड़ी सुरक्षा के बीच संजय दत्त मान्यता का खास ख्याल रखते दिखे. ऑरेंज कुर्ते में संजय दत्त दमदार अंदाज़ में नजर आए, वहीं मान्यता ब्राइट पिंक सूट में खूबसूरत लगीं.
UN में भारत के खिलाफ साजिश वाली चिट्ठी भेज रहा था PAK, MEA ने खुलासा कर रगड़ डाला!
यूएन सुरक्षा परिषद में भारत के ख़िलाफ़ पाकिस्तान की साज़िश पर विदेश मंत्रालय ने उसे फटकार लगाई. पाकिस्तान ने सिंधु जल समझौते से जुड़े एक फ़ैसले को ग़लत तरीके से पेश कर UNSC को चिट्ठी लिखी थी. भारत ने कहा कि पाकिस्तान झूठा प्रोपेगैंडा फैला रहा है. पहलगाम हमले के बाद भारत ने सिंधु जल समझौते को ‘abeyance’ में रखने का ऐलान किया था.
प्रभास की फिल्म ‘फौजी’ की रिलीज टली, प्रोड्यूसर बोले- नेक्स्ट लेवल होगी
फिल्म ‘फौजी’ की रिलीज़ डेट टाल दी गई है. प्रभास स्टारर यह फिल्म अब 3 दिसंबर 2026 की जगह 2027 में रिलीज़ होने की उम्मीद है, हालांकि नई तारीख का ऐलान नहीं हुआ है. प्रोड्यूसर रवि शंकर ने यह जानकारी दी. फिल्म में प्रभास आज़ादी से पहले के दौर के सैनिक की भूमिका में हैं. इसमें इमानवी, अनुपम खेर, जया प्रदा और मिथुन चक्रवर्ती भी नजर आएंगे.
24 से 29 सितंबर तक नोएडा-ग्रेटर नोएडा में होगा ट्रैफिक डायवर्जन, घर से निकलने से पहले जानें रूट
ग्रेटर नोएडा के एक्सपोमार्ट में 25 से 29 सितंबर तक यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 का आयोजन होगा. विशिष्ट मेहमानों के आवागमन को देखते हुए नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया है. ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, 24 से 29 सितंबर तक रोज़ सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक कई सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा.
यामी गौतम को मिला पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, इमोशनल हुए पति आदित्य धर
बहत्तरवें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स समारोह में यामी गौतम को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से बेस्ट एक्ट्रेस इन ए लीडिंग रोल का नेशनल फिल्म अवॉर्ड मिला. उन्हें ये अवॉर्ड फिल्म आर्टिकल 370 में इंटेलिजेंस ऑफिसर जूनी हक्सर के किरदार के लिए दिया गया है. यह यामी गौतम का पहला नेशनल फिल्म अवॉर्ड है. समारोह में यामी के साथ उनके पति आदित्य धर थे.
—- समाप्त —-
