
लव गिल, स्काउट और आम्रपाली दुबे
Bigg Boss 20: रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ के घर में रिश्तों की बुनियाद कितनी कच्ची है, इसकी ताजा झलक शो के नए प्रोमो में देखने को मिली है. गेमर स्काउट ओपी और एक्ट्रेस लव गिल की नजदीकियां शुरुआत से ही सवालों के घेरे में रही हैं. बीते दिनों ‘वीकेंड का वार’ पर खुद होस्ट सलमान खान और कंटेस्टेंट काजी तौकीर ने लव के रवैये पर सवाल उठाते हुए स्काउट को आगाह किया था कि उनका इस्तेमाल हो रहा है. अब भोजपुरी सिनेमा की दिग्गज एक्ट्रेस आम्रपाली दुबे ने सरेआम लव गिल के दोहरे खेल की पोल खोल दी है, जिसके बाद लव ने स्काउट से अपना रिश्ता ही तोड़ लिया.
दरअसल, घर के बाहर स्काउट की गर्लफ्रेंड काश्वी मौजूद हैं, इसके बावजूद शो के अंदर स्काउट और लव गिल की बढ़ती नजदीकियां लगातार सुर्खियों में रहीं. आम्रपाली पहले भी लव को कई बार समझा चुकी थीं कि बाहर उनके पार्टनर हैं, इसलिए वह स्काउट की भावनाओं के साथ न खेलें और उन्हें सच्चाई बता दें. लेटेस्ट प्रोमो में आम्रपाली सीधे तौर पर लव से पूछती हैं कि स्काउट को लेकर उनके क्या इरादे थे और सलमान खान के सवाल पूछने पर उन्होंने क्या जवाब दिया? इस तीखे सवाल पर लव चिढ़ जाती हैं और कहती हैं कि वह यहां किसी को सफाई देने नहीं बैठी हैं. पास खड़े स्काउट ने जब बीच में टोकते हुए पूछा कि उन्होंने ऐसा क्या कहा है जो लव उन पर भड़क रही हैं, तब लव ने उन पर भी अपना गुस्सा निकाल दिया.
माही विज ने पकड़ा झूठ, लव ने तोड़ा रिश्ता
बहस के दौरान लव ने अपना बचाव करते हुए दावा किया कि स्काउट पहले उनके भाई जैसे थे, लेकिन अब वो उनके कुछ नहीं लगते. ये सुनते ही आम्रपाली ने घरवालों से पूछा कि क्या कल लव ने कभी स्काउट को भाई कहा था? इस पर एक्ट्रेस माही विज ने साफ शब्दों में ‘ना’ कहकर लव के दावे की हवा निकाल दी. खुद को चारों तरफ से घिरता देख लव गिल ने पूरे घर को खुली चेतावनी दे डाली कि अगर किसी ने उनके किरदार पर उंगली उठाई तो उससे बुरा कोई नहीं होगा.
“अपना नैरेटिव मत बदलो”
लव की धमकी से डरे बिना आम्रपाली दुबे ने कड़ा पलटवार करते हुए कहा कि वह उनके जवाबों पर जरूर उंगली उठाएंगी, क्योंकि उन्हें स्काउट के इरादों का अंदाजा था. जब लव ने चिल्लाकर कहा कि उन्हें भी सब पता था, तो आम्रपाली ने तंज कसते हुए कहा कि अगर सच पता था तो पहले बोलना चाहिए था, अब अपना नैरेटिव मत बदलो. सोशल मीडिया पर दर्शक आम्रपाली के इस बेबाक अंदाज की जमकर तारीफ कर रहे हैं.


