भोजपुरी एक्टर व सिंगर और पॉलिटिशियन मनोज तिवारी की बेटी रीति तिवारी इन दिनों रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में नजर आ रही हैं. शो में रीति तिवारी ने हाल ही में अपनी जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर को याद किया. शो के लेटेस्ट एपिसोड में उन्होंने माता-पिता के तलाक और कस्टडी की लड़ाई को लेकर खुलकर बात की. रीति ने बताया कि बचपन में उन्हें अपने पिता मनोज तिवारी के साथ ज्यादा वक्त बिताने का मौका नहीं मिल पाया.
रीति तिवारी ने बताया कि जब वो 8 साल की थीं, तब उनके माता-पिता अलग हो गए थे और एक साल बाद यानी 9 साल की उम्र में उनका तलाक कानूनी तौर पर पूरा हुआ. इस दौरान रीति इमोशनल हो गईं और उन्होंने बताया कि उनके पिता ने उनकी कस्टडी पाने के लिए लड़ाई लड़ी थी.
माता-पिता के तलाक पर बोलीं रीति तिवारी
शो की कंटेस्टेंट आम्रपाली दुबे ने रीति से पूछा कि क्या उनके पिता मनोज तिवारी ने उनकी कस्टडी के लिए लड़ाई लड़ी थी, तो उन्होंने कहा, ‘हां. दरअसल, मुझे लगता है कि पापा को काफी समय तक उम्मीद थी कि दोनों फिर से साथ आ जाएंगे.’
रीति ने बताया कि माता-पिता के अलग होने का दौर उनके और उनके पिता, दोनों के लिए काफी इमोशनल था. जब भी दोनों मिलते थे, उनकी आंखों में आंसू आ जाते थे. इमोशनल होते हुए रीति ने कहा, ‘उसमें हम कुछ कर ही नहीं सकते थे’
उन्होंने आगे बताया कि वो पिता के साथ होने वाली हर मुलाकात को खास बनाने की कोशिश करती थीं और जितना हो सके, उनके साथ ज्यादा से ज्यादा वक्त बिताती थीं.
रीति ने बताया कि वो अपने पिता के साथ वक्त बिताने के दौरान उन्हें अंग्रेजी भी सिखाया करती थीं. उन्होंने ये भी कहा, ‘जब उनकी जिंदगी में सुरभि आईं, तो मुझसे ज्यादा खुश कोई नहीं था’. रीति ने आगे अपने माता-पिता के लिए प्यार जाहिर करते हुए कहा, ‘मुझे मेरी मां बहुत प्यारी हैं, लेकिन वो भी तो मेरे बाप हैं’
मनोज तिवारी ने की दो शादियां
बता दें कि मनोज तिवारी ने दो शादियां की हैं और उनकी तीन बेटियां हैं. उन्होंने 1999 में अपनी पहली पत्नी रानी तिवारी से शादी की थी. करीब 11 साल साथ रहने के बाद दोनों अलग हो गए और उनका तलाक हो गया. दोनों की एक बेटी रीति तिवारी हैं. इसके बाद मनोज तिवारी ने 26 अप्रैल 2020 को सुरभि तिवारी से दूसरी शादी की. दोनों की दो बेटियां हैं.
