बांदा। बबेरू कस्बे के आंबेडकर नगर में जर्जर कच्चे मकान में रह रहे गरीब परिवार के तबेले में चावल पकाने का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ। जिला पंचायत अध्यक्ष समेत समाजसेवियों ने परिवार के घर पहुंचकर मदद की। प्रशासन की ओर से खाद्य सामग्री और खाना बनाने के बर्तन उपलब्ध कराए गए।
राजकुमार बारी अपनी पत्नी राजाबेटी और दो बेटों के साथ जर्जर खपरैलनुमा कच्चे मकान में रहते हैं। मिट्टी से बना मकान कभी भी गिर सकता है। राजकुमार मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार को आवास और राशन कार्ड समेत किसी सरकारी योजना का लाभ नहीं मिला।
18 सितंबर को तबेले में चावल पकाने का वीडियो वायरल होने के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील सिंह पटेल मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को परिवार की स्थिति बताकर तत्काल खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने और पात्रता के अनुसार सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने अपनी ओर से भी खाद्य सामग्री दी। समाजसेवी राजेंद्र द्विवेदी और जितेंद्र कुमार त्रिपाठी ने गद्दा, रजाई और खाद्यान्न उपलब्ध कराया।
बाद में तहसील में नायब तहसीलदार राहुल गौरव, बीडीओ अभिषेक चौधरी, लेखपाल और ग्राम पंचायत सचिव की मौजूदगी में परिवार को खाद्य सामग्री की किट दी गई। ग्राम पंचायत सचिव ने खाना बनाने के बर्तन भी दिए। अधिकारियों ने आवास, राशन कार्ड समेत अन्य योजनाओं का लाभ दिलाने की कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
