परतावल। श्यामदेउरवां स्थित महंत अवेद्यनाथ मिनी स्टेडियम की बदहाल व्यवस्था के विरोध में मंगलवार को खिलाड़ियों ने प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने बुनियादी सुविधाओं की कमी पर नाराजगी जताते हुए व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की। खिलाड़ियों ने बीडीओ को ज्ञापन भी सौंपा।
खिलाड़ियों ने बताया कि स्टेडियम में सुबह और शाम बड़ी संख्या में युवा अभ्यास करने पहुंचते हैं लेकिन सुबह करीब पांच बजे मैदान में अंधेरा रहता है। लाइट की व्यवस्था नहीं होने से दौड़ने और अन्य खेल गतिविधियों में परेशानी होती है। इससे चोटिल होने का खतरा भी बना रहता है। मैदान में घास की नियमित कटाई नहीं होने से अभ्यास प्रभावित हो रहा है।
खिलाड़ियों ने महिला और पुरुष शौचालयों की बदहाल व्यवस्था तथा परिसर में लगे हैंडपंप से खराब गुणवत्ता का पानी आने की समस्या भी उठाई। उन्होंने सुबह पांच बजे से अभ्यास के समय तक और शाम को आवश्यकतानुसार लाइट जलाने, मैदान की घास कटवाने और रनिंग ट्रैक बनवाने की मांग की। रनिंग ट्रैक पर 20 से 25 ट्रॉली तथा कबड्डी ग्राउंड पर चार से पांच ट्रॉली मिट्टी डलवाने की मांग भी की। इसके अलावा शौचालयों की मरम्मत, नियमित सफाई और हैंडपंप के पानी की गुणवत्ता की जांच कराकर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की।
इस दौरान रंजीत निषाद, आलोक कुमार, साहिल चौधरी, विशाल निषाद, शेषमणि यादव, रंजेश शर्मा, अमित, अंश, महफूज, धीरज यादव, पवन गुप्ता, अविनाश चौधरी, करन, संजीव, कृष्णा, किशन, राहुल, रवि, दीपक और आदित्य सहित अन्य खिलाड़ी मौजूद रहे।
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी कृष्ण कांत शुक्ला ने बताया कि खिलाड़ियों की ओर से उठाई गई समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित को निर्देश दिया गया है।
