-हत्यारों ने चेहरा ईंट से कुचला, सड़क किनारे निर्माणाधीन दुकानों के बाहर मिला शव
-वृद्धा के आभूषण और मोबाइल गायब, परिजनों ने किया हंगामा, शव नहीं उठने दिया
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर (मेरठ)। गणेशपुर गांव में रविवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली बिमला देवी (65) की लूट के बाद निर्मम हत्या कर दी गई। महिला का शव दोपहर गांव से एक किलोमीटर दूर मवाना मार्ग पर एक फार्म हाउस के सामने निर्माणाधीन दुकानों के बाहर घास में पड़ा मिला। महिला के चेहरे को ईंट से बुरी तरह कुचला गया है। कानों के सोने के कुंडल, गले का सोने का ओम, पैरों की चांदी की पायल और कीपैड मोबाइल फोन गायब मिलने पर परिजनों ने लूट के बाद हत्या का आरोप लगाया।
घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव उठाने से इन्कार कर दिया। करीब आधा घंटा चले हंगामा के बाद सीओ मवाना पंकज लवानिया के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को शव उठाने दिया। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक के बेटे की तहरीर पर हस्तिनापुर पुलिस ने अज्ञात में हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। एसपी देहात अभिजीत कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की।
हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के गांव गणेशपुर निवासी बिमला देवी पत्नी सुरेश चंद रोजाना की तरह रविवार सुबह करीब पांच बजे घर से टहलने के लिए निकली थीं। उनके छोटे बेटे जॉनी के अनुसार, काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। दोपहर करीब 1:30 बजे मवाना मार्ग पर एक फार्म हाउस के सामने निर्माणाधीन दुकानों के बाहर घास में उनका शव पड़ा मिला। बिमला देवी महिला के चेहरे पर ईंट से कुचलने के निशान थे। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव की हालत देखकर परिजनों और ग्रामीणों ने लूट के बाद हत्या के किए जाने की बात कही। ग्रामीणों ने वारदात के खुलासे की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
मृतका के बेटे जॉनी ने बताया कि उनकी मां के पास कीपैड मोबाइल फोन था। वह कानों में सोने के कुंडल, गले में सोने का ओम और पैरों में चांदी की पायल पहने थीं। मौके पर इनमें से कुछ भी नहीं मिला। परिजनों का आरोप है कि बदमाशों ने पहले महिला के साथ लूट की और विरोध करने पर उनकी निर्मम हत्या कर दी। सीओ ने समझाया, तब उठने दिया शव
-शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस शव उठाने लगी तो परिजनों ने हत्या का खुलासा करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए शव उठाने से मना कर दिया। सीओ पंकज लवानिया आसपास के कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने को तैयार हुए।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, दो टीमें गठित
एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि पीड़ित परिजनों की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज किया गया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। कई कैमरों की डीवीआर पुलिस ने कब्जे में ली हैं। गांव के बाहर रजबहे के समीप एक दुकान के कैमरे में महिला सुबह 5:26 बजे मवाना की ओर जाती दिखाई दी है। पुलिस फुटेज के आधार पर महिला के अंतिम बार देखे जाने से लेकर शव मिलने तक की गतिविधियों की जांच कर रही है।
पति की मौत के बाद बेटों के साथ रहती थीं बिमला
ग्रामीणों के अनुसार, बिमला देवी के पति सुरेश चंद की काफी समय पहले मौत हो चुकी थी। वह अपने बेटे जॉनी के साथ रहती थीं। उनके तीन बेटे जॉनी, महेंद्र और मोनू हैं। सभी विवाहित हैं और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। मां की हत्या की से परिवार में मातम पसरा है।
-जंगल जाने वाली महिलाएं भी हुई भयभीत:-
घटनास्थल पर मौजूद सैकड़ों ग्रामीण महिलाओं ने कहा कि वह हर रोज जंगल में चारा लेने और अन्य कामों के लिए जाती हैं। वृद्ध महिला की हत्या की घटना से गांव की महिलाएं भयभीत हैं। महिलाओं ने कहा कि अगर दिन-दहाड़े इस तरह हत्या हो रही है तो उनकी सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए।
वर्जन:-
एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है फॉरेंसिक टीम ने भी जानकारी जुटा है शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
