गढ़ीपुख्ता। गांव मालेंडी में शुक्रवार को 19 वर्षीय कक्षा 11 के छात्र आर्यन पुत्र अमित कालीरमन की बुखार के बाद मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार आर्यन को दो दिन पहले वायरल बुखार आया था। इसके बाद उसे गांव के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे उपचार के लिए ले गए लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
आर्यन नवोदय विद्यालय में कक्षा 11 का छात्र था। परिवार में पिता अमित कालीरमन, मां अंजू, छोटा भाई और बहन इशिका हैं। बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सीएचसी प्रभारी डॉ. तरुण कुमार ने कहा बुखार से मौत के मामले की जांच कराई जाएगी।
आर्यन की मौत की सूचना मिलने पर एमएलसी एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित बेनीवाल भी परिजनों के घर पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और दुख की इस घड़ी में परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
