सीतापुर। जिले में बीते 24 घंटों के दरम्यान 36 मिमी बारिश हुई है। बृहस्पतिवार सुबह बारिश से मौसम बदल गया। हवाओं ने सिहरन का अहसास कराया। हांलाकि, बारिश रुकने पर धूप निकली मगर बादलों की आवाजाही से कमजोर रही। बारिश से किसान परेशान नजर आए। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अधिकतम 29 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले 24 घंटों के दरम्यान कई इलाकों में बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग ने नौ अक्तूबर तक बारिश व तेज हवाओं के साथ वज्रघात का पूर्वानुमान जारी किया है। जिला प्रशासन की ओर से अलर्ट जारी कर लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है। बुधवार रात करीब 10 बजे मौसम का मिजाज बदला और कई इलाकों में बारिश हुई। रात में हवाओं के साथ बादलों की आवाजाही और बीच बीच में फुहारें पड़ने का सिलसिला चलता रहा। बृहस्पतिवार सुबह बारिश के बीच तेज हवाओं ने सिहरन का अहसास करा दिया। किसान भी बारिश के कारण चिंतित हैं। किसान विजय व मनोहर ने बताया कि इससे पहले भारी बारिश से फसलों का काफी नुकसान हो चुका है। अब बारिश से किसान बर्बादी की कगार पर पहुंच जाएंगे। मौसम विभाग की ओर से जारी बारिश का पूर्वानुमान किसानों को बेचैन कर रहा है।
