विदेश में रहने वाले भारतीयों के लिए परिवार से दूर रहना अक्सर भावनात्मक चुनौती बन जाता है। बेहतर करियर और कमाई के बावजूद कई महत्वपूर्ण मौके छूट जाते हैं। इसी भावना को एक भारतीय युवक ने अपने इंस्टाग्राम वीडियो में बयां किया और फिर एक दिल छू लेने वाले सरप्राइज से सबको हैरान कर दिया। कनाडा में रह रहे प्रतीक चौधरी (Pratik Chaudhary) ने परिवार के नए घर के गृहप्रवेश (हाउसवार्मिंग/पूजा) के मौके पर भारत लौटकर सबको सरप्राइज दिया। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया वीडियो
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @aalsiiindian नामक हैंडल से शेयर किया गया है। वीडियो की शुरुआत में प्रतीक भावुक नजर आते हैं। वे कहते हैं, “हमने भारत में नया घर खरीदा है और वहां गृहप्रवेश की पूजा हो रही है। मैं वहां नहीं जा पाऊंगा। तो घर से इतनी दूर आकर, परिवार से इतनी दूर रहकर, इतना पैसा कमाने का क्या फायदा, जब टिकट खरीदकर भी आप जा नहीं सकते?” वीडियो पर ओवरले टेक्स्ट में लिखा था-‘विदेश में रहने का सबसे बुरा पहलू।’
वीडियो में आया ट्विस्ट
वीडियो जल्द ही ट्विस्ट लेता है। प्रतीक अचानक मुस्कुराते हुए कहते हैं, “इसीलिए मैं निकल पड़ा! महत्वपूर्ण पलों को नहीं छोड़ना चाहिए। परिवार को सरप्राइज देना चाहिए। दूर रहने का सबसे बड़ा फायदा यही है कि आप कभी भी अचानक आ सकते हो!” इसके बाद वीडियो में वे भारत पहुंचते हैं और परिवार को सरप्राइज देते नजर आते हैं।
यूजर्स ने दी प्रतिक्रियाएं
परिवार की खुशी और भावुक मुलाकात का पल कैमरे में कैद हुआ, जिसने हजारों लोगों का दिल छू लिया। यह वीडियो उन लाखों भारतीयों की भावनाओं को छू गया जो विदेश में बसकर बेहतर जीवन की तलाश में हैं। बेहतर सैलरी, करियर ग्रोथ और सुविधाओं के बावजूद जन्मदिन, त्योहार, शादी या गृहप्रवेश जैसे मौके अक्सर वीडियो कॉल पर ही मनाने पड़ते हैं। प्रतीक का यह कदम याद दिलाता है कि पैसा यादें वापस नहीं ला सकता। कई यूजर्स ने कमेंट में लिखा कि उन्होंने भी ऐसे मौकों को मिस किया है और अब परिवार को प्राथमिकता देने का मन बना रहे हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो को लाखों व्यूज मिले। लोग इसे ‘दिल छू लेने वाला’ और ‘प्रेरणादायक’ बता रहे हैं।
NRI’s की सबसे बड़ी चुनौती
प्रतीक चौधरी का यह अनुभव सिर्फ एक सरप्राइज की कहानी नहीं है। यह उन चुनौतियों को उजागर करता है जो NRI’s फेस करते हैं— दूरी, अकेलापन और महत्वपूर्ण पलों का छूट जाना। कई लोग विदेश में बसने के बाद भी भारत में घर खरीदते हैं या परिवार के साथ जुड़े रहते हैं, लेकिन शारीरिक उपस्थिति का महत्व अलग होता है। प्रतीक ने साबित किया कि अगर इच्छा हो तो दूरी भी बाधा नहीं बनती।
गौरतलब है कि, इससे पहले यूक्रेन की महिला का भारत और यूरोप में गृहप्रवेश मनाने के तरीके पर बनाया गया वीडियो वायरल हुआ था।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें –
