दिल्ली के हाल के प्रदर्शनों के बाद से ही ‘मेरे महबूब’ गाने पर रील बनाते खाकी वर्दी पहने हुए कुछ लोगों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. कुछ लोगों का कहना है कि ये दिल्ली पुलिसकर्मी हैं जिन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शनकारियों को सबक सिखाने के बाद ये रील बनाई.
दरअसल, जून और जुलाई 2026 में हुए सीजेपी के नीट प्रोटेस्ट के दौरान अभिनव बिष्ट नाम के कंटेंट क्रिएटर ने इसी गाने पर रील बनाई थी जो वायरल हो गई थी. इसके बाद इस गाने का ट्रेंड चल पड़ा था और फिर अनुपम खेर जैसी कई हस्तियों ने भी इस गाने पर रील बनाई थी. अब इसी गाने पर रील बनाते खाकी वर्दी पहने लोगों के वायरल वीडियो को ‘जंतर मंतर सीजन 2’ का बताकर शेयर किया जा रहा है. वीडियो पर लिखा है, ‘कॉकरोचों पर एक्शन के बाद पुलिस’. इसे शेयर करते हुए एक फेसबुक यूजर ने लिखा, “दिल्ली पुलिस दमदार पुलिस”.

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये वीडियो दिल्ली का नहीं बल्कि महाराष्ट्र के नांदेड़ शहर का है. वीडियो बनाने वाले रविराज कोकारे ने हमें बताया कि इसमें नजर आ रहे सभी खाकी वर्दी वाले लोग होमगार्ड्स हैं.
कैसे पता चली सच्चाई?
वायरल वीडियो में एक बाइक की नंबर प्लेट नजर आ रही है, लेकिन उस पर लिखा नंबर उल्टा दिख रहा है. वीडियो को फ्लिप करने पर हमें इस पर लिखा नंबर दिखा जो ‘MH-26’ से शुरू होता है. ये महाराष्ट्र के नांदेड़ का वाहन रजिस्ट्रेशन नंबर है. इसके अलावा, हमें वीडियो में सबसे आगे खड़े व्यक्ति की वर्दी पर ‘होमगार्ड’ लिखा हुआ भी दिखा. ये दोनों चीजें देखकर हमें लगा कि ये नांदेड़ के होमगार्ड हो सकते हैं.
साफ पता लग रहा है कि इस वीडियो को जानबूझकर फ्लिप कर दिया गया है ताकि इसकी सच्चाई आसानी से पता न लग सके.

आजतक के नांदेड़ संवाददाता कुंवरचंद मंडले ने हमें बताया कि वीडियो बना रहे व्यक्ति का नाम रविराज कोकरे है जो नांदेड़ में होमगार्ड हैं. रविराज ने वायरल वीडियो 9 अगस्त, 2026 को इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था. हमने देखा कि रविराज ने वायरल वीडियो से मिलते-जुलते और भी कई वीडियो पोस्ट किए हैं.
रविराज ने हमें बताया कि वीडियो में दिख रहे लोग उनके सहकर्मी हैं और वे सभी होमगार्ड हैं. ये वीडियो उन्होंने अपने लंच ब्रेक के दौरान परेड ग्राउंड में बनाया था. उन्होंने ये भी कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन से उनका कोई लेना-देना नहीं है.
साफ है, महाराष्ट्र के होमगार्ड्स की एक रील को दिल्ली पुलिस का वीडियो बताकर शेयर किया जा रहा है.
—- समाप्त —-
