ज्ञान रंजन भारद्वाज और रमेश कुमार, सीतामढ़ी। जिले में श्मशान में बच्चों के कथित इलाज के नाम पर अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। वाकया परिहार प्रखंड के महादेवपट्टी गांव का है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो में लाल कपड़े पहने एक व्यक्ति बच्चों को झकझोरते, पैर पकड़कर हवा में घुमाते और फिर जमीन पर पटकते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद अब श्मशान परिसर में कथित तौर पर लंबे समय से चल रहे इस तरह के इलाज पर सवाल उठने लगे हैं। हिन्दुस्तान इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार वीडियो में नजर आ रहे व्यक्ति की पहचान महादेवपट्टी गांव निवासी रास नारायण महतो के पुत्र श्रवण भगत के रूप में किए जाने का दावा किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि भगत कथित तौर पर तंत्र-मंत्र और टोटके के जरिए बच्चों की विभिन्न समस्याओं को दूर करने का दावा करता है। दिव्यांग बच्चों के अलावा बोलने, चलने और अन्य शारीरिक समस्याओं से परेशान बच्चों को ठीक करने का भरोसा देता है। बड़ी संख्या में परिजन अपने बच्चों को लेकर यहां आते हैं।
बिहार का पिस्टलबाज थानेदार पर गिरी गाज, बाढ़ पीड़ितों पर हथियार तान दिया था
चार सालों से चल रहा अंधविश्वास का खेल
स्थानीय लोगों का दावा है कि महादेवपट्टी के श्मशान परिसर में पिछले करीब चार सालों से हर सोमवार और शुक्रवार को इस तरह का कथित इलाज चल रहा था। इलाज की उम्मीद में बड़ी संख्या में लोग अपने बच्चों को लेकर यहां पहुंचते हैं। बताया जाता है कि बच्चों की परेशानी दूर होने की उम्मीद में परिजन कथित भगत के पास आते हैं।
वायरल वीडियो में जिस तरह बच्चों को झकझोरने और जमीन पर पटकने का दृश्य सामने आया है, उसने पूरे मामले को गंभीर बना दिया है। वीडियो के सामने आने के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि यदि यह गतिविधि लंबे समय से चल रही थी तो इसकी जानकारी संबंधित स्तर पर पहले क्यों नहीं पहुंची।
मोबाइल झपटना भारी पड़ा, चलती ट्रेन की खिड़की से हवा में लटकता रहा चोर; वीडियो
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने शुरू की छानबीन
वायरल वीडियो की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। थानाध्यक्ष पंकज कुमार यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई, लेकिन कथित भगत वहां नहीं मिला। पुलिस उसके संबंध में जानकारी इकट्ठा कर रही है। पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।
बिहार में ‘डायन’ पकड़ने जुटी भीड़, चंदा कर झारखंड से बुलाईं 3 भगतन; पुलिस ले गई
