रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी की फिल्म ‘रामायण’ को बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है. भारी भरकम बजट में बनी फिल्म की ताबड़तोड़ कमाई हो रही है. तीन दिनों में ही फिल्म भारत में 180 करोड़ और दुनियाभर में 375 करोड़ के पार हो चुकी है. हालांकि रामायण की आंधी के बीच भी एक साउथ फिल्म अपना दबदबा बनाने में कामयाब रही और इसने दो दिन में ही 80 करोड़ रुपये कमा डाले हैं.
सूर्या की फिल्म ‘सीन’ की धूम
यहां साउथ की जिस फिल्म की बात हो रही है उसका नाम है ‘सीन’. ये फिल्म रामायण के अगले दिन रिलीज हुई थी. जहां रामायण ने दुनियाभर में 5 नवंबर को दस्तक दी तो वहीं सीन इसके अगले दिन यानी 6 नवंबर को रिलीज हुई. सीन में लीड रोल में तमिल सुपरस्टार सूर्या नजर आ रहे हैं, जबकि उनका साथ दे रही हैं एक्ट्रेस नजरिया नाजिम.
दो दिनों में हुई 80 करोड़ के पार
रामायण और सीन के साथ ही और भी कई फिल्मों ने थिएटर्स में दस्तक दी थीं. हालांकि रामायण के सामने सिर्फ सीन की टिकी हुई है. बाकी फिल्मों का हाल बेहाल है. रामायण जैसी बड़ी फिल्म के आगे भी सीन ने अपने पहले दिन तगड़ी कमाई की. सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक इसका 6 नवंबर को ओपनिंग डे पर भारत में नेट कलेक्शन 19.15 करोड़ रुपये हुआ. वहीं दूसरे दिन 7 नवंबर को इसने भारत में 20.35 करोड़ रुपये कमाए.
भारत में फिल्म की दो दिनों में टोटल कमाई 39.50 करोड़ रुपये हो चुकी है. वहीं सीन भारत के बाहर भी शानदार कमाई कर रही है. सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक दो दिनों के बाद इसका वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 81.65 करोड़ रुपये हो चुका है.
200 करोड़ी फिल्मों की हैट्रिक लगा सकते हैं सूर्या
बता दें कि सूर्या सीन फिल्म के जरिए इस साल 200 करोड़ी फिल्मों की हैट्रिक लगा सकते हैं. इस साल उनकी दो फिल्में 200 करोड़ क्लब में शामिल हो चुकी हैं. इनमें ‘करुप्पु’ और ‘विश्वनाथ एंड संस’ शामिल हैं. इस साल आई इन दोनों मूवीज ने दुनियाभर में 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया था. अब सीन की रफ्तार को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि ये मूवी भी 200 करोड़ से ज्यादा बटोर सकती है.
