Emma Watson on Marriage Pressure: शादी की उम्र पर फेमस हॉलीवुड एक्स्ट्रेस एम्मा वॉटसन ने समाज को आईना दिखाया। उन्होंने कहा,’खुश हूं कि अब तक तलाक नहीं हुआ।’ शादी उम्र की डेडलाइन या चेकलिस्ट नहीं है, बल्कि दो सुलझे लोगों की साझेदारी है। सिंगल होना भी कहीं से नाकामी नहीं है।

शादी की सही उम्र क्या है?
हमारे समाज में अक्सर ये मान लिया जाता है कि पढ़ाई खत्म हुई, नौकरी लगी, तो अगला काम सिर्फ शादी करना ही है। 25 के पार जाते ही सवाल पर सवाल शुरू हो जाते हैं और 30 की उम्र के बाद तो सलाह और उसके बाद प्रेशर बढ़ता जाता है। खासकर लड़कियों से पूछा जाता है कि आखिर शादी क्यों नहीं कर रही हैं। लेकिन रिश्ते की असली जरूरत उम्र नहीं, तैयारी है। अगर दो लोग सिर्फ इसलिए साथ आ जाएं क्योंकि परिवार या समाज को लगता है कि अब शादी हो जानी चाहिए, तो इससे रिश्ता मजबूत नहीं होता है। रिलेशनशिप एक्सपर्ट्स के अनुसार, शादी की कोई ऐसी उम्र नहीं है जो हर इंसान पर एक जैसी लागू हो। किसी के लिए 25 सही हो सकता है, तो किसी को 35 की उम्र में भी लगे कि वह इसके लिए तैयार नहीं है।
पहले खुद को समझना जरूरी है
एम्मा वॉटसन ने माना कि अगर उन्होंने कुछ साल पहले शादी की होती तो शायद चीजें बहुत मुश्किल हो जातीं। वजह थी कि उस समय वह खुद को और अपनी जिंदगी की दिशा को उतना नहीं समझती थीं। रिश्ते में जाने से पहले ये समझना जरूरी है कि आपको जिंदगी से क्या चाहिए। आप कहां रहना चाहते हैं, काम आपके लिए कितना जरूरी है, परिवार को लेकर आपकी सोच क्या है और आपकी प्राथमिकताएं क्या हैं। क्योंकि जब इंसान खुद ही अपनी जरूरतों को लेकर साफ नहीं होता, तो सामने वाले से सही उम्मीद करना भी अक्सर मुश्किल हो जाता है।
सिर्फ शादी न होने से कोई नाकाम नहीं
रिलेशनशिप एक्सपर्ट्स कहते हैं कि सबसे जरूरी बात कि अगर आपकी शादी किसी तय उम्र तक नहीं हुई, तो इसका मतलब ये बिल्कुल नहीं कि आप जिंदगी में फेल हो गए। करियर, दोस्त, फैमिली और अपनी मानसिक शांति भी कामयाबी के बड़े पैमाने हैं। शादी जिंदगी का एक हिस्सा हो सकती है, पूरी जिंदगी नहीं।
समझौता नहीं, साझेदारी चुनिए
आज के दौर में रिश्ते का मतलब सिर्फ एक-दूसरे की जिंदगी में जबरन फिट होना नहीं है। रिलेशनशिप एक्सपर्ट्स के मुताबिक, रिश्ता ऐसा होना चाहिए जहां दोनों पार्टनर खुलकर कह सकें, ‘मैं ये हूं, मेरे ये सपने हैं।’ अगर दो लोग एक-दूसरे के मकसद का सम्मान करते हुए साथ चल सकते हैं, तभी साथ रहने का कोई असली मतलब है।
सही रिश्ता उम्र देखकर नहीं बनता है
जानकार कहते हैं कि एक मजबूत रिश्ते में सबसे जरूरी सवाल ये नहीं होना चाहिए कि शादी कब होगी। सही सवाल ये है कि क्या दोनों लोग एक-दूसरे की जिंदगी, सपनों और प्रॉयरिटीज को समझते हैं? लाइफ पार्टनर ऐसा होना चाहिए, जिसके साथ आपको खुद को बदलने की मजबूरी महसूस न हो। दोनों अपनी पहचान बनाए रखते हुए एक-दूसरे का साथ दे सकें, तो रिश्ता ज्यादा मजबूत बनता है।

