कश्मीर जैसे सेंसेटिव बॉर्डर इलाके में सुरक्षा को लेकर जवान हमेशा सतर्क रहते हैं। ऐसे इलाकों में हर आने-जाने वाले व्यक्ति की जांच और जरूरी जानकारी लेना सुरक्षा का अहम हिस्सा है। हाल ही में ऊरी से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक बाइकर को चेक पोस्ट पर सुरक्षा में तैनात जवान रोकते हुए नजर आ रहे हैं। खास बात यह है कि जवान ने बाइकर से बेहद शालीनता से बात की और उसे पूरी बात समझाई। वीडियो में नजर आ रहा बाइकर अपना नाम नूर बताता है। वह जवान को बताता है कि वह केरल से बाइक चलाकर आया है और ऊरी घूमकर वापस जाना चाहता है। जवान उससे आईडी कार्ड दिखाने के लिए कहता है। नूर अपना आईडी कार्ड दिखा देते हैं। इसके बाद जवान उन्हें बाइक आगे लगाने के लिए कहता है। तो आइए जानते हैं पूरी कहानी
जवान ने बताई आगे जाने की वजह
इसके बाद वहां मौजूद एक दूसरे जवान ने नूर को समझाया कि जिस जगह से आगे जाने की वह बात कर रहे हैं, वहां से एलएसी का इलाका शुरू होता है। इसलिए उन्हें बिना जरूरी प्रक्रिया के आगे जाने की अनुमति नहीं दी जा सकती। जवान ने बताया कि इस रोड पर एक तय सीमा तक ही जाया जा सकता है। जवान ने नूर को यह भी समझाया कि आगे जाने के लिए पहले उनकी एंट्री होगी और फिर पास बनाया जाएगा। इसके बाद ही उन्हें आगे जाने की अनुमति मिल सकेगी। जवान ने चेक पोस्ट के समय के बारे में भी बताया और कहा कि उन्हें तय समय से पहले वापस आना होगा।
View this post on Instagram
पंजाब के जवान से हुई दिलचस्प बातचीत
बातचीत के दौरान जवान ने बताया कि वह पंजाब के अमृतसर से हैं। इस पर नूर ने बताया कि वह अमृतसर में वाघा बॉर्डर की तरफ भी घूम कर आ चुके हैं। दोनों के बीच बातचीत का अंदाज काफी सहज नजर आया। जवान ने सुरक्षा नियम समझाए, वहीं नूर ने भी बिना किसी बहस के उसकी बात मान ली।
लाखों लोगों ने देखा वीडियो
इंस्टाग्राम पर ‘ट्रैक बाय नूर’ नाम के पेज से शेयर किए गए इस वीडियो को अब तक 30 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। वहीं, करीब 1 लाख 45 हजार लोगों ने इसे लाइक किया है और 700 से ज्यादा कमेंट्स भी आ चुके हैं।
वीडियो पर यूजर्स ने दिए ऐसे रिएक्शंस
वीडियो देखने के बाद कई यूजर्स ने जवान के व्यवहार की तारीफ की। एक यूजर ने लिखा कि सेना और पुलिस के बीच का फर्क हमेशा साफ दिखाई देता है। वहीं दूसरे ने पूछा कि अगर पुलिस होती तो क्या स्थिति होती। एक अन्य यूजर ने लिखा, “सम्मान दें, सम्मान पाएं।” कुछ लोगों ने नूर और जवान की बातचीत को भी खूब पसंद किया।
