साउथ सिनेमा की ‘लेडी सुपरस्टार’ नयनतारा इन दिनों अपनी फिल्म ‘मूकुथी अम्मन 2’ को लेकर सुर्खियों में हैं. उनकी ये फिल्म 6 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. फिल्म को दर्शकों से मिला-जुला रिस्पॉन्स मिला है. बॉक्स ऑफिस पर धीमी शुरुआत के बाद वीकेंड पर इसकी कमाई में अच्छा उछाल देखने को मिला. हालांकि, वीकडेज शुरू होते ही फिल्म की कमाई एक बार फिर गिर गई है. आइए जानते हैं कि पांचवें दिन फिल्म ने कितने करोड़ रुपये का कारोबार किया.
‘मूकुथी अम्मन 2’ ने पांचवें दिन कमाए इतने करोड़ रुपये
- सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, ‘मूकुथी अम्मन 2’ ने रिलीज के पांचवें दिन यानी मंगलवार को भारत में 2.10 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया.
- इसमें तमिल भाषा से 1.93 करोड़ रुपये और तेलुगु भाषा से 17 लाख रुपये की कमाई हुई.
- इस दौरान फिल्म के कुल 1,605 शोज रहे और ऑक्यूपेंसी 32.6% दर्ज की गई.
- इसी के साथ फिल्म की भारत में कुल नेट कमाई 16.18 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 18.72 करोड़ रुपये हो गया है.
‘मूकुथी अम्मन 2’ का अब तक का कलेक्शन
‘मूकुथी अम्मन 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन 1.88 करोड़ रुपये के कलेक्शन के साथ शुरुआत की थी. इसके बाद दूसरे दिन फिल्म की कमाई में हल्की बढ़त देखने को मिली और इसने 2.45 करोड़ रुपये का कारोबार किया. वहीं, तीसरे दिन फिल्म ने रफ्तार पकड़ी और इसकी कमाई बढ़कर 4.60 करोड़ रुपये पहुंच गई. चौथे दिन भी फिल्म का प्रदर्शन बेहतर रहा और इसने 5.15 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. अब देखना होगा कि ये फिल्म आने वाले दिनों में कैसा परफॉर्म करती है.
‘मूकूथी अम्मन 2’ के बारे में जानिए
नयनतारा की फिल्म ‘मूकूथी अम्मन 2’ साल 2020 में आई तमिल भक्तिमय कॉमेडी फिल्म ‘मूकूथी अम्मन’ का सीक्वल है. ये एक डिवोशनल फैंटेसी-कॉमेडी फिल्म है, जिसमें नयनतारा एक बार फिर देवी के किरदार में नजर आ रही हैं. इसमें रेजिना कैसेंड्रा, दुनिया विजय, उर्वशी, योगी बाबू, सुनील और सिंगमपुली भी अहम भूमिकाओं में हैं. बताया जा रहा है कि इसका बजट 100 करोड़ रुपये है. फिल्म को सुंदर सी. ने डायरेक्ट किया है. सुंदर सी. ने वेंकट राघवन के साथ मिलकर फिल्म की कहानी भी लिखी है.
