Bigg Boss 20: बिग बॉस 20 के घर में इस बार वीकेंड का वार काफी गर्म रहने वाला है। शो के होस्ट सलमान खान एक बार फिर अपने पुराने और सख्त अंदाज में नजर आने वाले हैं। शनिवार के एपिसोड में कंटेस्टेंट्स को फटकार लगाने के बाद अब रविवार को भी उनका गुस्सा कम होता नहीं दिखेगा। इस बार सलमान के निशाने पर स्काउट ओपी, कनिका मान और लव गिल रहने वाले हैं। रविवार के एपिसोड का प्रोमो सामने आया है, जिसमें सलमान घरवालों के व्यवहार और उनके गेम पर सवाल उठाते दिखाई दे रहे हैं। जियोहॉटस्टार ने सोशल मीडिया पर आने वाले एपिसोड का प्रोमो शेयर किया है। इसमें सलमान खासतौर पर स्काउट ओपी को यंग डीएसए के साथ हुए झगड़े को लेकर घेरते नजर आ रहे हैं। सलमान उनसे सवाल करते हैं कि क्या वह घर के बाहर भी इसी तरह विवाद सुलझाते हैं? उनका कहना है कि किसी से माफी मांगना कोई एहसान करना नहीं होता, बल्कि गलती समझकर दिल से माफी मांगना जरूरी है।
यंग डीएसए को धक्का देने पर स्काउट की क्लास
दरअसल, बिग बॉस के घर में स्काउट ओपी और यंग डीएसए के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान स्काउट ने यंग को धक्का दे दिया था। बाद में उन्होंने अपनी इस हरकत के लिए माफी भी मांगी थी। लेकिन सलमान इस बात से नाराज नजर आए कि घटना के तुरंत बाद भी स्काउट को अपनी गलती का एहसास होता नहीं दिखा। सलमान ने स्काउट के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके अंदर इतना घमंड क्यों है? उन्होंने यहां तक कह दिया कि अब तक के सफर में स्काउट सबसे खराब दोस्त साबित हुए हैं। सलमान के मुताबिक, स्काउट का पूरा खेल लव गिल के आसपास घूमता नजर आता है। वह अपने फैसले भी लव को ध्यान में रखकर लेते हैं।
लव गिल के लिए अपना गेम भूल रहे हैं स्काउट?
सलमान ने स्काउट को उनकी गर्लफ्रेंड काश्वी हिरानंदानी की कही बात भी याद दिलाई। इसके बाद उन्होंने घर में लव गिल के इर्द-गिर्द बने ग्रुप पर सवाल उठाए। सलमान ने बताया कि किस तरह कंटेस्टेंट्स लव को बचाने के लिए एक-दूसरे का साथ देते दिखाई देते हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जब लव को नॉमिनेशन से बचाने की बात आई, तब यंग को बचाने की कोशिश नहीं की गई। वहीं, लव को कैप्टेंसी का दावेदार बनाने के लिए आम्रपाली को पीछे छोड़ दिया गया। सलमान का इशारा था कि घर में कई फैसले लव को फायदा पहुंचाने के लिए लिए जा रहे हैं। इसके बाद सलमान ने लव गिल को भी उनकी मां की सलाह याद दिलाई। उन्होंने कहा कि लव की मां चाहती थीं कि वह घर में अकेले खेलें और जरूरत पड़ने पर किसी के खिलाफ भी अपनी बात रखें। सलमान ने सवाल किया कि जब स्काउट और गुल्लू विवाद में कूद पड़े, तब लव ने उन्हें रोकने की कोशिश क्यों नहीं की? उन्होंने तीनों के इस रवैये पर नाराजगी जताई।
कनिका मान को भी सुनाया लॉलीपॉप विवाद
स्काउट के बाद सलमान खान ने कनिका मान को भी नहीं छोड़ा। उन्होंने कनिका को काजी तौकीर के साथ हुए लॉलीपॉप विवाद की याद दिलाई। सलमान के मुताबिक, उस समय कनिका ने एक छोटी-सी बात पर नाराजगी जताई थी, जबकि अब घर में हुई घटना पर उनका रवैया अलग दिखाई दे रहा है। इस पर कनिका ने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने उसी समय अपनी बात रख दी थी। लेकिन सलमान उनकी बात से संतुष्ट नजर नहीं आए। उन्होंने कनिका के जवाब पर तंज कसते हुए उनकी बातों की नकल भी की। रविवार के प्रोमो से साफ है कि इस बार वीकेंड का वार में सलमान कई कंटेस्टेंट्स के व्यवहार पर सवाल उठाने वाले हैं। अब देखना होगा कि सलमान की फटकार के बाद स्काउट, लव और कनिका अपने खेल में क्या बदलाव करते हैं और घर के बाकी सदस्य इस पूरे मामले पर कैसी प्रतिक्रिया देते हैं।
