महराजगंज। देर रात तक मोबाइल पर रील देखने और गेम खेलने की आदत लोगों की नींद छीन रही है। बच्चे और युवा घंटों स्क्रीन पर समय बिताने के कारण देर से सो रहे हैं। इसका असर सुबह उठने पर दिख रहा है। पर्याप्त नींद नहीं मिलने से थकान, सुस्ती और चिड़चिड़ापन बना रहता है। इससे पढ़ाई, कामकाज और एकाग्रता भी प्रभावित हो रही है।
मोबाइल पर लगातार रील देखने और गेमिंग में व्यस्त रहने से सोने-जागने की दिनचर्या बिगड़ रही है। देर रात तक स्क्रीन देखने के कारण नींद का समय कम हो रहा है। कई लोग मोबाइल बंद करने के बाद भी आसानी से सो नहीं पाते। इसके चलते सिरदर्द, बेचैनी और मानसिक तनाव जैसी शिकायतें सामने आ रही हैं।
जिला अस्पताल की मनोरोग ओपीडी में भी इस तरह की समस्याओं से परेशान मरीज पहुंच रहे हैं। मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज जायसवाल ने बताया कि ओपीडी में रोजाना 15 से 20 मरीज सिरदर्द और एंजायटी (चिंता व बेचैनी) की शिकायत लेकर आ रहे हैं। रील देखने और गेमिंग में अधिक समय बिताने से नींद प्रभावित हो रही है। मोबाइल का अनावश्यक इस्तेमाल कम करना जरूरी है।
उन्होंने सलाह दी कि लोग मोबाइल से दूरी बनाकर परिवार के सदस्यों के साथ समय बिताएं। नियमित दिनचर्या अपनाएं और समय पर सोने की आदत डालें। खानपान में हरी सब्जियों और पौष्टिक आहार को शामिल करें। शारीरिक गतिविधियों और पारिवारिक संवाद को प्राथमिकता देने से मानसिक स्वास्थ्य बेहतर रखने में मदद मिल सकती है।
मोबाइल की लत से बचने के तरीके
सोने से पहले मोबाइल का इस्तेमाल न करें। बिस्तर पर लेटकर स्क्रीन देखने की आदत छोड़ें।
रील, गेमिंग और सोशल मीडिया के लिए समय निर्धारित करें।
रोजाना एक ही समय पर सोने और सुबह उठने की आदत डालें।
मोबाइल के बजाय परिवार के साथ बातचीत, खेलकूद और अन्य गतिविधियों में समय बिताएं।
नियमित टहलें, योग और व्यायाम करें।
हरी सब्जियां, फल और पौष्टिक भोजन लें। रात में चाय-कॉफी से परहेज करें।
अभिभावक बच्चों के मोबाइल इस्तेमाल का समय तय करें और उन्हें आउटडोर गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित करें।
लगातार सिरदर्द, बेचैनी या नींद न आने की समस्या होने पर विशेषज्ञ से परामर्श लें।
