बिसौली। नगर के हाईवे स्थित एक स्वीट्स हाउस के सामने बुधवार को पुराने विवाद में वाल्मीकि समाज के युवक पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि ऐसे किसी वीडियो की संवाद न्यूज एजेंसी पुष्टि नहीं करती।
कांशीराम कॉलोनी निवासी बादल पुत्र राजाराम मिठाई की दुकान पर जलेबी खा रहा था, तभी कुछ लोगों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बादल के सिर में चोट लगी। बादल ने बताया कि एक सितंबर को देवट रोड पर आधा दर्जन लोगों ने उसके साथ मारपीट की थी। इस मामले में उसने पुलिस को तहरीर दी थी, जिसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
आरोप है कि इसी मामले से जुड़े भूरे, नकी, यामीन आदि ने बुधवार को दोबारा उसके साथ मारपीट की। घटना के बाद से वाल्मीकि समाज के लोगों में रोष है। सीओ अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में बादल, भूरे, नकी और यामीन समेत चार लोगों का शांतिभंग के आरोप में चालान किया गया है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद
