कानपुर। भाजपा दक्षिण महामंत्री अर्जुन बेरिया की फोटो बुधवार को सोशल मीडिया में वायरल हो रही है, जिस पर तरह तरह के कमेंट किए जा रहे हैं। कुछ लोगों ने उन पर विकास कार्यों के लिए आए पत्रक कबाड़ की दुकान में बेचने के आरोप लगाए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 सितंबर को जन्मदिन से शुरू हो रहे सेवा संकल्प अभियान से पहले बुधवार को व्हाट्सएप ग्रुपों में फोटो वायरल हुई, जिसमें अर्जुन बेरिया स्कूटी में चाबी लगाते नजर आ रहे हैं। स्कूटी में जनता तक विकास की योजनाओं को पहुंचाने के लिए आए पंफ्लेट्स (पत्रक) के दो बंडल दिख रहे हैं। उनके पीछे स्थित दुकान में भी वैसे ही दो बंडल नजर आ रहे हैं। दुकान कबाड़ की बताई जा रही है। लोगों ने भाजपा दक्षिण से सवाल किया किए हैं।
भाजपा दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने बताया कि फोटो देखकर उन्होंने महामंत्री से पूछा तो उन्होंने पत्रक कबाड़ की दुकान में बेचने से इन्कार किया है। फोटो एआई जेनरेटेड है। इसे छवि धूमिल करने के लिए बनाया गया है। मामले की जांच कराई जाएगी।
वहीं अर्जुन बेरिया ने पार्टी के पत्रक कबाड़ की दुकान में बेचने से इन्कार किया। कहा अपने ही कुछ लोग उन्हें फंसाने की कोशिश कर रहे हैं।
