Haryana Morning News : हरियाणा में आज सुबह की बड़ी खबरों में हिसार में सैन्य अभ्यास के दौरान दो जवानों की मौत, नूंह में निर्माणाधीन रेल टनल के पास जमीन धंसने से घरों में दरारें और गुरुग्राम में रिश्वत लेते पुलिस अधिकारी की गिरफ्तारी शामिल है। वहीं, करनाल में वन विभाग की भर्ती के लिए आज से शारीरिक परीक्षा शुरू हो रही है। पढ़ें हरियाणा की ताजा खबरें।
1. हिसार में सैन्य अभ्यास के दौरान टैंक की चपेट में आए 2 जवान, दोनों की मौत
हरियाणा के हिसार जिले में सैन्य अभ्यास के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। भोजराज गांव के पास अभ्यास कर रहे टैंक की चपेट में आने से दो जवानों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अभ्यास में करीब 32 टैंक शामिल थे।
धूल के कारण टैंक चालक को सामने मौजूद जवान दिखाई नहीं दिए और टैंक उनके ऊपर चढ़ गया। दोनों जवानों को सैन्य अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। हादसे के बाद सेना और संबंधित अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
2. नूंह में छठी बार धंसी रेल टनल, घरों में आई दरारें; गांव छोड़ने को मजबूर लोग
नूंह जिले के तावड़ू क्षेत्र में हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर की निर्माणाधीन टनल के पास रविवार को फिर जमीन धंस गई। इस बार जमीन धंसने का असर साहसोला ग्राम पंचायत के आबादी वाले इलाके तक पहुंच गया।
घटना में एक मकान, करीब 200 फीट लंबा गांव का रास्ता और 400 फीट से अधिक जमीन धंस गई। कई घरों में बड़ी दरारें आ गईं। खतरे को देखते हुए कुछ परिवारों ने अपने घरों में ताले लगा दिए और सुरक्षित जगहों पर चले गए। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
3. करनाल में वन विभाग भर्ती का PST आज से शुरू, 16,424 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की ओर से वन विभाग के 831 पदों के लिए शारीरिक स्क्रीनिंग टेस्ट आज यानी 23 नवंबर से शुरू हो रहा है। यह परीक्षा 30 नवंबर तक करनाल में आयोजित की जाएगी।
डिप्टी रेंजर, फॉरेस्टर और फॉरेस्ट गार्ड पदों के लिए कुल 16,424 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें 12,404 पुरुष और 4,020 महिलाएं हैं। पुरुषों को 25 किलोमीटर और महिलाओं को 14 किलोमीटर दौड़ पूरी करनी होगी। दोनों के लिए अधिकतम समय चार घंटे निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थियों को हरियाणा रोडवेज में एडमिट कार्ड दिखाने पर मुफ्त यात्रा की सुविधा भी मिलेगी।
4. गुरुग्राम में शिकायत निपटाने के नाम पर रिश्वत, अतिरिक्त SHO गिरफ्तार
गुरुग्राम के शिवाजी नगर थाने में तैनात अतिरिक्त एसएचओ नर्पाल सिंह को एंटी करप्शन ब्यूरो ने रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोप है कि अधिकारी ने शिकायत निपटाने और आपराधिक मामला दर्ज नहीं करने के बदले 2 लाख रुपये मांगे थे।
बातचीत के बाद रिश्वत की रकम 60 हजार रुपये तय हुई। एसीबी ने 30 हजार रुपये की पहली किस्त लेते समय आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच जारी है।
5. सिरसा में विकास कार्यों में गड़बड़ी पर CM सैनी का एक्शन, अधिकारियों पर कार्रवाई
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिरसा में विकास कार्यों में कथित लापरवाही और अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने नगर निकाय विभाग के एक कार्यकारी अभियंता, नगर अभियंता और कनिष्ठ अभियंता को निलंबित करने के आदेश दिए।
मुख्यमंत्री ने संबंधित ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, उसे ब्लैकलिस्ट करने और जुर्माना वसूलने के निर्देश भी दिए। बैठक में 15 शिकायतें सुनी गईं, जिनमें से 13 का मौके पर समाधान किया गया। दो शिकायतों पर जांच के आदेश दिए गए।
6. हरियाणा को नशामुक्त बनाने का संकल्प, 1.58 लाख से ज्यादा लोगों की पहचान
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिरसा के कालांवाली में नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम के दौरान कहा कि सरकार हरियाणा को नशामुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने नशा तस्करों को चेतावनी देते हुए कहा कि युवाओं को नशे की ओर धकेलने वालों के लिए प्रदेश में कोई जगह नहीं है।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, पिछले दो वर्षों में नशे की लत से प्रभावित 1,58,830 लोगों की पहचान कर उन्हें उपचार उपलब्ध कराया गया है। प्रदेश के 13 जिलों में सरकारी मेडिकल कॉलेजों और सिविल अस्पतालों में नशामुक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं। नशा तस्करी से अर्जित करीब 94 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की गई हैं और 180 संपत्तियों को गिराया गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
