दिल्ली बॉर्डर पर आज फिर बढ़ सकती हैं मुश्किलें
कालिंदी कुंज और डीएनडी पर एक-एक लेन में बैरिकेडिंग, चिल्ला बॉर्डर पर भी सख्त निगरानी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। नोएडा-दिल्ली बॉर्डर पर लगातार दूसरे दिन भी पुलिस की सख्ती जारी रही। रविवार को कालिंदी कुंज, डीएनडी और चिल्ला बॉर्डर पर पुलिस बल तैनात रहा। दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को रोककर जांच की गई और संदिग्ध वाहनों में सवार लोगों के पहचान पत्र भी देखे गए। हालांकि, रविवार को छुट्टी होने के कारण वाहनों का दबाव कम रहा और यातायात सामान्य रूप से चलता रहा। सोमवार को कामकाजी दिन होने के कारण बॉर्डरों पर वाहनों का दबाव बढ़ने और चेकिंग के चलते जाम लगने की आशंका है। ऐसे में नोएडा और दिल्ली के बीच रोजाना सफर करने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
कालिंदी कुंज पर एक लेन में बैरिकेडिंग
कालिंदी कुंज बॉर्डर पर रविवार को भी दिल्ली जाने वाले वाहनों की जांच की गई। इसके लिए एक लेन में बैरिकेडिंग लगाई गई, ताकि वाहनों की गति नियंत्रित कर उनकी जांच की जा सके। शनिवार को करीब 100 मीटर के दायरे में दो स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई थी। रविवार को इनमें से सीमेंटेड बैरिकेड हटा दिए गए, जिससे वाहनों की आवाजाही आसान हो सके।
डीएनडी पर पीएसी तैनात, वाहनों की जांच
डीएनडी बॉर्डर पर भी एक लेन में बैरिकेडिंग कर दिल्ली जाने वाले वाहनों की जांच की गई। यहां पीएसी के जवान तैनात रहे। पुलिसकर्मियों ने वाहन सवारों से पूछताछ की और उनके पहचान पत्रों की जांच की। सुरक्षा व्यवस्था के चलते वाहनों को जांच के बाद आगे जाने दिया गया।
चिल्ला बॉर्डर पर भी पुलिस की निगरानी
चिल्ला बॉर्डर पर भी पुलिस बल तैनात रहा। यहां एक लेन में बैरिकेडिंग की गई थी। शनिवार को सड़क पर लगाए गए सीमेंटेड बैरिकेड रविवार को किनारे कर दिए गए, जिससे वाहनों की आवाजाही में आसानी रही। छुट्टी का दिन होने के कारण वाहनों की संख्या कम रही और यातायात पर अधिक असर नहीं पड़ा।
दिल्ली से सटे बॉर्डरों पर पुलिस बल तैनात रहा। सुबह से ही वाहनों की चेकिंग की गई। कुछ लेन पर बैरिकेडिंग भी रही। मार्गों पर यातायात भी सुचारू बना रहा।
-अभय कुमार मिश्र, एडीसीपी नोएडा
लोकल पैसेंजर ट्रेनों का आवागमन शुरू, यात्रियों को राहत
दादरी (संवाद)। ट्रेनों का संचालन दोबारा शुरू होने से रविवार को यात्रियों ने राहत की सांस ली। शनिवार को दिल्ली में प्रदर्शन के कारण दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर कई लोकल पैसेंजर ट्रेनें रद्द कर दी गईं थीं। रविवार को सभी लोकल पैसेंजर ट्रेन चालू कर दी गई है। ट्रेनों का आवागमन चालू होने पर रेलवे स्टेशन दादरी पर भीड़ दिखाई दी। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म दो और चार पर लोकल पैसेंजर बैठने वाले यात्री ट्रेनों का इंतजार करते रहे। एक दिन ट्रेनों का आवागमन बंद करने से यात्रियों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ा।
आज ट्रेनों का आवागम शुरू होते ही ट्रेनों में भीड़ चल रही है। लोकल पैसेंजर ट्रेनों में कोच की संख्या बढ़ाई जाए।- अर्चित, यात्री
लोकल पैसेंजर ट्रेन स्टेशन पर आने के चलते प्लेटफार्म पर माल गाड़ियों को खड़ा नहीं होना चाहिए। जिससे ट्रेन आते जाते हुए दिखाई नहीं देती है। यात्रियों की ट्रेन छूटने का खतरा बना रहता है। – शिवा, यात्री
धरना प्रदर्शन चलने के दौरान ट्रेनों का आवागमन प्रभावित नहीं होना चाहिए। ट्रेनों का रद्द होने से यात्रियों को असुविधा होने पर भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। जिससे आर्थिक व समय का भारी नुकसान होता है। – असमेनदर सिंह, यात्री
ट्रेनों के आवागमन पर यात्रियों का विश्वास टिका है। जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है इसलिए सरकार को ट्रेनों के आवागमन पर जनहित को लेकर विशेष ध्यान रखना चाहिए। – ईशान, यात्री
