किशनगंज में युवती से बदसलूकी मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अबतक इस मामले में चार गिरफ्तारी हो चुकी है।
किशनगंज में युवती के साथ सरेआम बदसलूकी मामले में पुलिस को एक और सफलता मिली है। जिले के दिघलबैंक थाना क्षेत्र के तुलसिया हॉल्ट रेलवे स्टेशन के पास युवती से मारपीट और छेड़छाड़ से संबंधित पुराने वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने चौथे आरोपित को रविवार को गिरफ्तार कर लिया। एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर गठित एसआईटी ने मानवीय एवं तकनीकी सूचना के आधार पर गुजरात में रह रहे आरोपित को ट्रैक कर दिघलबैंक थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।
किशनगंज पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि 24 और 25 सितंबर की देर रात सोशल मीडिया पर पुराना वीडियो वायरल होने के साथ ही पुलिस ऐक्शन में आ गई। एसपी के निर्देश पर तुरंत विशेष जांच दल का गठन किया गया था। तकनीकी जांच और वीडियो के गहन अवलोकन के बाद घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान करते हुए वरित कार्रवाई की गयी। इस मामले में तीन आरोपियों को 25 और 26 सितंबर गिरफ्तार कर लिया गया था।
इस कांड में अब तक कुल चार आरोपितों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिघलबैंक थाना क्षेत्र के जागीर दीघीभाट निवासी शहजाद (24 वर्ष), के रूप में की गयी है। इससे पहले पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 25 और 26 सितंबर को तीन अन्य आरोपितों शहजाद, मिनाज उर्फ सलमान और अफसर आलम को दबोच लिया था।
अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों से घटना के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। अनुसंधान के दौरान मिले तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। पीड़िता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस बेहद मुस्तैदी से काम कर रही है।
एसपी की अपील
किशनगंज एसपी संतोष कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद एसडीपीओ टू के नेतृत्व में गठित एसआईटी के द्वारा लगातार की जा रही कार्रवाई के दौरान चौथे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी संतोष कुमार ने आम लोगों से अपील की है कि वे घटना से संबंधित किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक सूचना पर बिल्कुल ध्यान न दें। इसके साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया पर किसी भी अपुष्ट वीडियो या भ्रामक सामग्री को प्रसारित न करने की हिदायत दी है।
