Gopalganj News : फुलवरिया थाना क्षेत्र के एक गांव से पांच दिन पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई दो छात्राओं का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है. वायरल वीडियो में दोनों छात्राएं साथ नजर आ रही हैं और परिजनों से उनकी खोजबीन नहीं करने की अपील करती दिख रही हैं. हालांकि, वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि प्रभात खबर नहीं करता है.
कोचिंग जाने की बात कहकर निकली थीं दोनों
जानकारी के अनुसार, 23 सितंबर को दोनों छात्राएं रोज की तरह कोचिंग जाने की बात कहकर घर से निकली थीं. देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की. आसपास और रिश्तेदारों के यहां खोजबीन के बावजूद दोनों का कोई सुराग नहीं मिला.
लापता छात्राओं में एक की उम्र 17 वर्ष और दूसरी की 21 वर्ष बतायी जा रही है. काफी खोजबीन के बाद भी दोनों का पता नहीं चलने पर परिजनों ने अनहोनी की आशंका जतायी.
माताओं के आवेदन पर दर्ज हुआ अपहरण का केस
दोनों छात्राओं की माताओं ने फुलवरिया थाने में अलग-अलग लिखित आवेदन दिया. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी. पुलिस छात्राओं के संभावित ठिकानों और उनसे जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है.
वायरल वीडियो को पुलिस ने लिया संज्ञान में
वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने भी इसका संज्ञान लिया है. पुलिस प्रशासन के अनुसार छात्राओं के संभावित ठिकाने के संबंध में कुछ सुराग मिले हैं. पुलिस का कहना है कि दोनों को जल्द ही सकुशल बरामद कर लिया जायेगा.
पुलिस वायरल वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
