गेमिंग क्रिएटर तन्मय सिंह उर्फ स्काउट ओपी इन दिनों रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में नजर आ रहे हैं. शो में वो गेम से ज्यादा अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं. हाल ही में एक प्रोमो में लव गिल के साथ बहस के बाद स्काउट अपना सिर मुंडवाते नजर आए. इसके बाद उन्हें फूट-फूटकर रोते हुए भी देखा गया.
अब इस पूरे मामले पर उनकी मां ने अपनी नाराजगी जाहिर की है. उन्होंने शो के मेकर्स पर सवाल उठाते हुए दर्शकों से अपील की है कि वो अधूरे प्रोमो देखकर उनके बेटे के बारे में कोई राय न बनाएं.
स्काउट की मां ने जारी किया वॉयस नोट
स्काउट की मां ने सोशल मीडिया पर एक वॉयस नोट शेयर किया है. इसमें उन्होंने कहा कि शो में बार-बार उनके बेटे की निजी जिंदगी और रिश्तों को दिखाया जा रहा है. एडिट किए गए प्रोमो की वजह से स्काउट पर काफी दबाव पड़ रहा है. उन्होंने मेकर्स से अपील की कि स्काउट की बातों को पूरा दिखाया जाए, ताकि दर्शकों को सही तस्वीर पता चल सके.
सलमान खान का किया जिक्र
अपने वॉयस नोट में उन्होंने शो के होस्ट सलमान खान का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा, ‘एक मां होने के नाते मैं अपनी बात रखना चाहती हूं. जब शो के होस्ट सलमान सर से जुड़ा एक एडिट किया हुआ प्रोमो सामने आया था, तब उन्हें खुद आकर दर्शकों को समझाना पड़ा था कि अधूरे प्रोमो से किसी के बारे में गलत धारणा बन सकती है.’
‘शो के बाहर उसकी अपनी जिंदगी है…’
उन्होंने आगे कहा, ‘आज अपने बेटे के साथ ऐसा होते देखना बहुत तकलीफदेह है. शो के बाहर उसकी अपनी जिंदगी है. उसका करियर है, निजी रिश्ते हैं और एक भविष्य है. उसने कई बार अपनी बात साफ की है और अपने रिश्तों से जुड़े हर सवाल का जवाब भी दिया है. इसके बावजूद उन्हीं बातों को बार-बार अलग-अलग तरीके से दिखाया जा रहा है.’
प्रोमो में एडिटिंग को लेकर उठाए सवाल
स्काउट की मां ने आरोप लगाया कि शो में पुरानी क्लिप को बार-बार दिखाया जा रहा है. बातचीत को काटकर और अलग-अलग समय के फुटेज को जोड़कर ऐसी कहानी बनाई जा रही है, जो पूरी सच्चाई नहीं दिखाती. उन्होंने कहा, ‘आपकी तरफ से ही कहा गया था कि म्यूजिक और एडिटिंग के जरिए किसी की छवि खराब नहीं करनी चाहिए. फिर भी वही चीजें बार-बार हो रही हैं. प्रोमो बनाने के लिए पुरानी क्लिप को जूम किया जाता है, बातचीत को काटा जाता है और अलग-अलग समय के वीडियो को जोड़ दिया जाता है. इससे ऐसी कहानी बनती है, जो पूरी सच्चाई से बिल्कुल अलग होती है.’
उन्होंने कहा कि अपने बेटे को इतना दबाव झेलते देखना उनके लिए आसान नहीं है. वो नहीं चाहतीं कि स्काउट को कोई खास छूट मिले, बल्कि उनकी मांग है कि उसे अपनी बात रखने का पूरा मौका दिया जाए. उन्होंने कहा, ‘एक इंसान आखिर कितना दबाव सह सकता है? मैं अपने बेटे के लिए कोई खास बर्ताव नहीं चाहती. मैं बस उसके साथ निष्पक्षता चाहती हूं. उसे अपनी बात कहने का मौका मिलना चाहिए और उसकी बातों को काटकर या संदर्भ से अलग करके नहीं दिखाना चाहिए. किसी रियलिटी शो या उसके प्रोमो का असर किसी की जिंदगी पर लंबे समय तक रह सकता है.’
मां ने दर्शकों से की खास अपील
स्काउट की मां ने वॉयस नोट के साथ शेयर किए गए कैप्शन में भी दर्शकों से खास अपील की. उन्होंने कहा कि लोग तन्मय को अधूरे और गुमराह करने वाले प्रोमो के आधार पर जज न करें. उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि माइक ठीक करने जैसी सामान्य हरकत को गुस्से के तौर पर दिखाया जाता है. इसी तरह पेड़ पर चढ़ने जैसे टास्क के एक पल को भी किसी दूसरी कहानी से जोड़कर पेश किया जाता है.
कैप्शन में उन्होंने लिखा, ‘दर्शकों से बस इतनी गुजारिश है कि कृपया इन गुमराह करने वाले प्रोमो के आधार पर तन्मय को जज न करें. कई बार कुछ पलों को उनके असली संदर्भ से अलग करके दिखाया जाता है. माइक ठीक करने जैसी सामान्य हरकत को ऐसे दिखाया जाता है, जैसे वो बहुत गुस्से में हो. वहीं, पेड़ पर चढ़ने जैसे किसी टास्क के पल को भी दूसरी कहानी से जोड़ दिया जाता है. लेकिन जब पूरा एपिसोड आता है, तो सच्चाई अक्सर बिल्कुल अलग होती है.’
उन्होंने आगे लिखा, ‘एक मां होने के नाते मेरी बस इतनी सी गुजारिश है कि कोई भी राय बनाने से पहले पूरा एपिसोड देखें. इस सबके पीछे कई लोग हैं और उन्हें शर्म आनी चाहिए. हमेशा उसका साथ देने के लिए आप सभी का शुक्रिया.’
प्रोमो में क्या हुआ था?
दरअसल, हाल ही में सामने आए प्रोमो में स्काउट और लव गिल के बीच तीखी बहस देखने को मिली. इसके बाद स्काउट गार्डन एरिया में बने नकली सांप के ढांचे पर चढ़ जाते हैं. उदिति उन्हें नीचे उतरने के लिए कहती हैं और पूछती हैं कि क्या वो कोई बड़ा कदम उठाने के बारे में सोच रहे हैं. इस पर स्काउट कहते हैं, ‘नहीं, अब कोई और रास्ता नहीं बचा है.’
इसके बाद प्रोमो में स्काउट बाथरूम में जाकर अपना सिर मुंडवाते नजर आते हैं. इस दौरान बैकग्राउंड में फिल्म ‘कबीर सिंह’ का गाना ‘बेख्याली’ बजता है. उनका ये कदम देखकर लव हैरान रह जाती हैं. जब वो स्काउट से इसकी वजह पूछती हैं, तो वो कहते हैं, ‘तुम वहां इतनी टेंशन में क्यों बैठी हो? अब तुम्हारी टेंशन खत्म हो गई है.’ प्रोमो के आखिर में स्काउट रोते हुए नजर आते हैं.
